नगर ऊंटारी अनुमंडलीय सिविल कोर्ट पूरी तरह हाईटेक : पीडीजे

एसडीएलएससी से आम लोगों को होगा लाभ : डीसी
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : पीडीजे राजेश शरण सिंह ने कहा अनुमंडलीय न्यायालय नगर ऊंटारी को पूरी तरह हाई टेक कोर्ट बनाया गया है। अब जो भी केसेज हैं, उनके अपडेट लोगों को मोबाइल पर मैसेज के द्वारा लोगों को मिल सकेगा। उन्होंने अनुमंडलीय न्यायालय में अनुमंडलीय विधिक सेवा समिति के उदघाटन समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि अब यहां के लोग ऑनलाइन केस फाइल कर सकते हैं। अब इसके लिए गढ़वा जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नगर उंटारी सिविल कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हम गढ़वा से ही केस देख सकते हैं और लोगों की बातें सुन सकते हैं। यह सुविधा शुरू हो चुका है। सिस्टम पूरी तरह से कंप्लीट हो चुका है।
लोगों उनके निकट न्याय सस्ता और त्वरित न्याय सुलभ कराने के लिए नगर ऊंटारी में दो वर्ष पूर्व जुलाई 2022 में अनुमंडलीय न्यायालय खुला है। इस उद्देश्य में सफलता मिली है। पहले लोक अदालत में मामलों को निपटाने के लिए लोगों को गढ़वा जाना पड़ता था। अब नगर ऊंटारी में इसकी सुविधा उपलब्ध हो गयी है।
नगर ऊंटारी कोर्ट में लोग मध्यस्थता कर केस को समाप्त कर सकते हैं। लोक अदालत में किसी पक्ष की हार या जीत नहीं होती है। दोनों पक्षों की जीत होती है। कोर्ट में लड़ाई से सिर्फ मुकदमें खत्म होते हैं दुश्मनी नहीं। लेकिन लोक अदालत में मुकदमा के साथ साथ दुश्मनी भी खत्म होती है।
डीसी शेखर जमुआर ने नगर ऊंटारी में एसडीएलसी के उदघाटन होने पर पीडीजे राजेश शरण सिंह को बधाई देते हुए कहां कि नगर ऊंटारी में अनुमंडल विधिक सेवा समिति के काम करने से आम जनों को लाभ होगा तथा सस्ता और त्वरित न्याय सुलभ होने संबंधी उद्देश्यों की पूर्ति हो सकेगी।
डीसी ने सभी बीडीओ और सीओ से कहा कि जो लोग समस्या लेकर आते हैं, उनसे वे बातें करें और उनका निराकरण करें। जिन समस्याओं का निराकरण उनसे होने लायक नहीं है उन्हें अच्छी जानकारी देकर डीएलएसए के पास भेजें।
बकौल डीसी उनके पास भी प्रतिदिन कई मामले आते हैं, वे आवश्यकतानुसार डीएलएसए के पास लोगों को भेजते हैं। वहां जाने के बाद लोग वापस नहीं आते हैं।
उस मौके पर गढ़वा उत्तरी रेंज के डीएफओ अंशुमान, दक्षिणी के एबी अब्राहम, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ब्रजेश चौबे ने भी विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता राकेश धर त्रिपाठी ने किया।
उस मौके पर अधिवक्ता हंसेश्वर पांडेय उर्फ कमल, राजेंद्र यादव, नित्यानंद चौबे, उपेन्द्र कुमार, उदय प्रताप सिंह, संजय कुमार सिंह, वीरेंद्र सिंह, चंदा कुमारी, बैजनाथ तिवारी समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता व गणमान्य लोग उपस्थित थे।