प्यार में धोखा खाई गर्भवती शारदा न्याय के लिये दर दर भटकने को मजबूर

कन्या विवाह एंड विकास सोसाईटी बना सहारा
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : प्यार में धोखा खा गर्भवती शारदा न्याय के लिये दर-दर भटकने को मजबूर है। जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर निवासी शारदा चौधरी को उसके प्रेमी ने धोखा दे दिया। अब उसके घर वाले भी अपनाने को तैयार नहीं हैं। इस परिस्थिति में शारदा के समक्ष काफी विकट समस्या उत्पन्न हो गई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद कन्या विवाह एंड विकास सोसाईटी के सचिव विकास माली ने पीड़ित शारदा को सहारा दिया है।
श्री माली ने बताया कि पीड़िता के खाने-पीने का खर्च, दवा का खर्च, डिलीवरी का खर्च उनकी संस्था वहन करेगी। साथ ही लड़के से बातचीत कर मामला सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। मेरी कोशिश होगी कि दोनों का घर फिर से बस जाय और इस गर्भवती लड़की को न्याय मिल सके।जानकारी के अनुसार गढ़वा जिले के हरिहरपुर की रहने वाली शारदा व गांव के ही हिमांशु सिंह के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था।
इसके बाद दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली। उनकी शादी से दोनों के घर वाले नाखुश थे। दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा के बाद युवक-युवती दोनों जेल चले गये। इसके बाद दोनों में समझौता हुआ और जेल से बाहर आ गये। युवक के घर वाले लड़की को रखने के लिये राजी नहीं थे। इसलिये दोनों ने गढ़वा शहर में आकर भाड़े के मकान में रहना शुरू किया। कुछ ही दिनों बाद लड़के का व्यवहार बदलता गया। वह प्रेमिका को छोड़कर अपने घर चला गया और वहीं रहने लगा। इस दौरान लड़की छह माह की गर्भवती हो गई। शारदा ने बताई कि उसका पति अब उससे बात भी नहीं करता।
फोन करने पर फोन काट कर ब्लॉक लिस्ट में डाल देता है। अब शारदा के पास न तो पति का सहारा है और न उसके घर वालों का। जहां आज वह रह रही है वही पड़ोसी के रहमो करम पर वह जिंदा है। किसी यूट्यूब चैनल पर शारदा को कन्या विवाह एंड विकास सोसाईटी के बारे जानकारी मिली कि घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न के खिलाफ असहाय महिलाओं की सहायता की जाती है। इसके बाद शारदा अपने एक पड़ोसी महिला के साथ कन्या विवाह एण्ड विकास सोसाईटी के सचिव विकास माली से मिल कर अपना दुखड़ा सुनाई। श्री माली ने पीड़िता को न्याय दिलाने का पूरा भरोसा दिया।