सफलता उदासीनता से नहीं, जुनून से मिलती है : मिथिलेश ठाकुर

गढ़वा के लोगों ने पूरे राज्य को दिया संदेश, विकास कर के चुनाव नहीं जीता जा सकता
गढ़वा में विकास की गंगा सूखने नहीं दूंगा
झामुमो का कार्यकर्ता मिलन समारोह आयोजित
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने सभी कार्यकर्ताओं को अंग्रेजी नव वर्ष, मकर संक्रांति, सोहराय व टुसू पर्व की बधाई देते हुये कहा कि झारखंड उन्नति और प्रगति का नया इतिहास लिखने की दिशा में अनवरत प्रयास जारी रखने में हर एक झारखंडी के सहयोग की जरूरत है। उन्होंने अपने ऊपर विश्वास जताने वाले सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुये कहा कि वे आज भी बिना भेदभाव किये सबकी सेवा में तत्पर रहेंगे।
पूर्व मंत्री श्री ठाकुर शनिवार को अपने आवास पर आयोजित झामुमो का गढ़वा विधानसभा स्तरीय विचार गोष्ठी सह कार्यकर्ता मिलन समारोह, लिट्टी-चोखा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। श्री ठाकुर ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्द्धन करते हुये कहा कि उदासीनता कभी सफलता नहीं दिला सकती। सफलता के लिये जुनून और जज्बा होना चाहिये। चुनाव में आप सभी का जुनून कमजोर पड़ गया यही कारण है कि चुनाव में हार मिली।
आज सभी लोग अपनी अपनी जिम्मेवारियों को निष्ठा से निभाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि हार एवं जीत किसी भी खेल के दो पहलू होते हैं। हार से हमें सबक लेने की जरूरत है। पूर्व मंत्री ने कहा कि आज अपने राज्य सहित दूसरे राज्य के लोग भी आश्चर्य करते हैं कि गढ़वा में इतना विकास कार्य करने के बाद भी चुनाव कैसे हार गये ? श्री ठाकुर ने कहा कि गढ़वा के लोगों ने पूरे राज्य को संदेश दे दिया है कि विकास करके चुनाव नहीं जीता जा सकता है। गढ़वा की देव तुल्य जनता की सेवा का अवसर पांच वर्षों तक मिलना मेरा सौभाग्य रहा।
उन्होंने कहा कि आगामी पांच वर्षों तक उस सौभाग्य से वंचित रह गया। इस बात का दुःख जरूर है, लेकिन गढ़वा की जनता के प्रति श्रद्धा, समर्पण और सम्मान का भाव है जो पहले था, गढ़वा की जनता की सेवा जीवन के अंतिम सांस तक करना मेरा संकल्प था, है और रहेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष झूठ परोसने एवं समझाने में सफल रहा। यही कारण है कि चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। श्री ठाकुर ने कहा कि तीसरी बार चुनाव जीतते ही वर्तमान विधायक का उगाही गैंग हावी हो गया है।
वर्तमान विधायक का कहना है कि मुझे कुछ नहीं करना है पूर्व के कार्यकाल में जो किया था वही करते रहेंगे। श्री ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि विधायक हों या अधिकारी, कर्मचारी सभी के गलत कार्यों का पुरजोर विरोध करें। जनता के बीच जाकर उनके कार्यों को करें। जनता का आशीर्वाद मिलने में जो चूक हुई उसे दुरुस्त करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने चुनाव जीतने के बाद से ही लगातार नकारात्मक माहौल बना रखा है।
विकास की गति को बढ़ाने की जगह वे विकास को बाधित करने में लगे हुये हैं। हाल में ही वर्तमान विधायक द्वारा अपने निजी रिश्तेदार के साथ अशोभनीय बातचीत का कथित वायरल वीडियो सामने आने के बाद पूरा गढ़वा शर्मसार हो गया है। श्री ठाकुर ने कहा कि उन्होंने गढ़वा में विकास की जो गंगा बहाई है उसे सूखने नहीं दिया जायेगा। पूर्व मंत्री ने गढ़वा विधान सभा की जनता को एक बार फिर आश्वस्त किया कि उनके हित में मोबईल नंबर और घर का दरवाजा सदैव खुला था, खुला है और खुला रहेगा।
मौके पर भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव आदि ने भी विचार व्यक्त किये। मौके पर मुख्य रूप से झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे, जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर, जिप अध्यक्ष शांति देवी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा चौबे, अनिता दत्त, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओबेदुल्लाह हक अंसारी, फरीद खान, मदनी खान, चंदन जायसवाल, मनीष कुमार, संजय भगत, शंभू चंद्रवंशी, जवाहर पासवान, धनंजय तिवारी, दिलीप गुप्ता, आशीष अग्रवाल, परेश तिवारी, अंकित पांडेय, दीपमाला, चंदा देवी, राज किशोर यादव, वीरेंद्र साव, शरीफ अंसारी, छोटू सिंह खरवार, अतहर अली, नवीन तिवारी सहित काफी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता व इंडिया गठबंधन के नेता व कार्यकर्ता शामिल थे।