विधि विभाग के प्रधान सचिव ने सपत्नीक सतबहिनी झरना तीर्थ में की पूजा अर्चना

बंशीधर न्यूज
कांडी : गढ़वा व्यवहार न्यायालय के निवर्तमान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा संप्रति झारखंड सरकार के विधि विभाग के प्रधान सचिव राजेश शरण सिंह ने सतबहिनी झरना तीर्थ के सभी मंदिरों में अपनी धर्मपत्नी रेणु सिंह के साथ पूजा अर्चना की। रविवार की सुबह सतबहिनी झरना तीर्थ पहुंचे प्रधान सचिव ने कहा कि यह बहुत ही रमणीक पर्यटन स्थल है।
आज मैं यह सोच रहा हूं कि मैं पहले यहां क्यों नहीं आया। उपस्थित लोगों से कहा कि यहां आप लोगों ने काफी काम किया है। बावजूद इसके यहां का और विकास अपेक्षित है। इस स्थल पर काफी सुविस्तृत जगह है। जो इसकी सुंदरता में चार चांद लगाता है। उन्होंने सतबहिनी भगवती माता महादुर्गा, महालक्ष्मी, महाकाली, भैरवनाथ, भगवान भास्कर, बजरंगबली, साक्षी गणेश, भगवान शिव व नंदी महाराज के मंदिरों एवं ऋषि प्रवर ब्रह्मलीन बाबा श्याम दास की रहस्यमई सात मंजिली गुफा के अंदर भी पूजा अर्चना की।
उन्होंने सतबहिनी झरना तीर्थ की सुंदर वादियों, झरना घाटी, हरितिमा संवंर्द्धन कार्यक्रम के अंतर्गत किये गये वनरोपण, सेतु मार्ग, छठ घाट, बहुद्देशीय मंच, कलात्मक सीढ़ियां आदि निर्माणों की काफी सराहना की। यहां प्राचीन काल से साल में पांच बार-वैशाख पूर्णिमा, कार्तिक पूर्णिमा, माघ पूर्णिमा, मकर संक्रांति एवं महाशिवरात्रि को लगने वाले मेला की जानकारी दी गई।
मौके पर सिविल कोर्ट के प्रधान सहायक दीनदयाल पाठक, महेंद्र पासवान, पुजारी पंडित प्रवीण पांडेय, पंडित नीतिश पाठक, कांडी थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम, मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के सुदर्शन तिवारी, डॉ प्रमोद कुमार सिंह, अवधेश प्रसाद गुप्ता, रघुनंदन राम, शंभूनाथ सिंह, रमेश तिवारी, शिवपुर पंचायत के पूर्व मुखिया एवं समिति के सदस्य जयकिशुन राम सहित कई लोग उपस्थित थे।