जिला प्रशासन ने मनाया भगवान बिरसा मुंडा जयंती व राज्य स्थापना दिवस

बंशीधर न्यूज
गढ़वा : जिला मुख्यालय में शुक्रवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं राज्य स्थापना दिवस मनाई गई। इस मौके पर गढ़वा जिला के प्रशासनिक अधिकारियों और पदाधिकारियों ने नये समाहरणालय के सामने स्थित भगवान बिरसा मुंडा पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
डीसी शेखर जमुआर, एसपी दीपक कुमार पाण्डेय, डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा, एसी राज महेश्वरम, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय, एसडीओ संजय कुमार, डीपीएम जेएसएलपीएस बिमलेश शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने माल्यार्पण किया। इसके उपरांत समाहरणालय सभाकक्ष में जेएसएलपीएस की दीदियों द्वारा भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
डीसी शेखर जमुआर ने कहा कि आज की तिथि झारखंड वासियों के लिये गौरवपूर्ण है। क्योंकि आज ही के दिन भगवान बिरसा मुंडा की जयंती है और राज्य का स्थापना दिवस भी। आज हम सब राज्य गठन का 24 वां वर्षगांठ मना रहे हैं। आज ही के दिन झारखंड बिहार से अलग होकर एक नया राज्य बना। उन्होंने कहा कि जिले की खुशहाली एवं संपूर्ण विकास के लिये सबकी सहभागिता जरूरी है। वहीं एसपी दीपक कुमार पांडेय ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
उनके आदर्शों पर चल कर झारखंड राज्य का गठन हुआ था। हम सभी लोगों को भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शो को आत्मसात करने की जरूरत है। साथ ही महापुरुषों के बताये मार्ग पर चलने से ही समाज में बेहतर वातावरण तैयार होता है। मौके पर जिले के विभिन्न प्रशासनिक पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के कर्मी तथा जेएसएलपीएस की दीदियां उपस्थित थीं।