मानस मंडली के 61 सदस्यों का पहला जत्था अयोध्या के लिए आज होंगे रवाना

अपने 500 वां मानस सप्ताह समागम का श्री राम जन्मभूमि यज्ञमंडपम् मे करेंगे विराट आयोजन
बलराम शर्मा
मेराल : मानस मंडली जिला इकाई गढ़वा के तत्वावधान में श्री राम जन्मभूमि यज्ञमंडपम् मे 30 जुलाई को आयोजित होने वाला मानस महा महोत्सव में भाग लेने वाले मानस विभूतियों के 61 सदस्यों का पहला जत्था शुक्रवार को रवाना होगा। इसकी जानकारी देते हुए मंडली के संयोजक द्वारिका नाथ पाण्डे ने बताया कि कार्यक्रम की सारी तैयारी अयोध्या धाम मे पूर्ण कर ली गई गई है। महा महोत्सव में 262 लोगों के प्रवेश की अनुमति मिल गई है।
61 मानस विभुतियों का पहला जत्था शुक्रवार को तथा 201 सदस्यों का दूसरा जत्था शनिवार को अयोध्या श्री राम जन्मभूमि के लिए प्रस्थान करेगी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को यज्ञमंडपम् में दिवा कालीन 10 बजे से 1 बजे तक संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन सुनिश्चित हुआ है। श्री पांडे ने कहा कि मानस यात्रा का सुखद संयोग है कि पांच सौ वर्षों का संघर्ष और मानस मंडली का 500 वां सप्ताह का संकल्प।
उन्होंने बताया कि श्री राम जन्मभूमि के इतिहास में यह अपने तरह का प्रथम सार्वजनिक आयोजन है जो महाप्रबंधक अयोध्या डोंगरा रेजिमेंट मंदिर के धर्म गुरु सह कमांडेंट श्रद्धेय राम कुमार पाण्डेय के निर्णय का प्रतिफल है जो मूलतः गढ़वा निवासी हैं वर्तमान में इनकी पोस्टिंग अयोध्या मे है। आयोजन का सम्पूर्ण दायित्व श्री राम जन्मभूमि के मुख्य ट्रस्टी डॉ अनिल मिश्र सम्भाल रहे हैं।