अबकी बार नहीं होगा भाजपा का बेड़ा पार : मिथिलेश ठाकुर

मंत्री ने मेराल प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का किया दौरा

महागठबंधन प्रत्याशी ममता भुईयां को जीताने की अपील

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : गढ़वा विधायक सह झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बुधवार को मेराल प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का दौरा कर लोगों से पलामू लोकसभा क्षेत्र के महागठबंधन प्रत्याशी ममता भुईयां को जीताने की अपील की। इस दौरान उन्होंने सभी पंचायतों में जनसभा को संबोधित किया।

मंत्री श्री ठाकुर ने आमजनों से पलामू लोकसभा क्षेत्र के महागठबंधन प्रत्याशी ममता भुईयां को वोट देकर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। कहा कि पलामू लोकसभा क्षेत्र का संपूर्ण विकास एवं केंद्र में जनसरोकार की सरकार बनाने के लिये ममता भुईयां को वोट करें। ताकि सभी लोगों को उनका अधिकार पूरी तरह से मिल सके। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार ही देश का विकास एवं देश वासियों को उनका हक एवं मान, सम्मान दे सकती है।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अबकी बार 400 पार का नारा लगा रहे हैं। परंतु सच्चाई यह है कि अबकी बार भाजपा का बेड़ा पार नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अच्छी तरह से समझ चुकी है कि मोदी जी ने झूठ एवं जुमलेबाजी के बल पर 10 साल सरकार चलाया। पिछले 10 सालों में देश की स्थिति काफी बदतर हो गई है। भाजपा फूट डालो शासन करो की नीति अपनाती है।

उन्होंने कहा किसी भी व्यक्ति को भाजपा के झूठ, फरेब के चाल में नहीं फंसना है। बेहिचक महागठबंधन प्रत्याशी ममता भुईयां के पक्ष में मतदान करना है। मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर, पूर्व मुखिया विजय सिंह, अतहर अली, अशरफी राम, शंभू राम, यासीन अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष दशरथ प्रसाद सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।