अज्ञात बदमाशों ने सोलर पैनल में लगाई आग, लाखों का नुकसान

अज्ञात बदमाशों ने सोलर पैनल में लगाई आग, लाखों का नुकसान

बंशीधर न्यूज

पलामू: जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के पिरौंजी गांव में स्ट्रॉबेरी खेत में पटवन के लिए लगाए गए सोलर पैनल में अज्ञात बदमाशों ने आग लगा दी। इस घटना में सोलर पैनल के नीचे खड़ी कार, मोटर, 20 बंडल मिलिचिंग, 5 बंडल ड्रीप, 3 सेट स्प्रे मशीन, 15 बोरा खाद, एक पेटी दवा आदि जलकर बर्बाद हो गए। इस घटना के बाद 10 एकड़ एरिया में सिंचाई व्यवस्था ठप हो गयी है।

आगजनी से आठ लाख का नुकसान बताया गया है। बताया जाता है कि कोल्हुवारा निवासी पम्मी कुमार मेहता पिरौंजी गांव में स्ट्रॉबेरी की खेती करते हैं। स्ट्रॉबेरी के अलावा टमाटर, फूलगोभी, तरबूज एवं करेला का भी पैदावार करते हैं। फसलों की सिंचाई के लिए सोलर पैनल लगाया हुआ था। शुक्रवार की रात करीब 8 बजे पम्मी भोजन करने के लिए घर गए थे।

भोजन करने के बाद पुनः खेत पर लौटना था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने सोलर पैनल में आग लगा दी। आग की लपटें उठता देखकर आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी पम्मी कुमार मेहता को दी। ग्रामीणों के साथ मिलकर पम्मी ने आग बुझायी, लेकिन तब तक सारा सेटअप जल गया था। सोलर पैनल के नीचे खड़ी कार भी जलकर नष्ट हो गयी।