लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखलाने के लिये तैयार है जनता : मंत्री मिथिलेश

लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखलाने के लिये तैयार है जनता : मंत्री मिथिलेश

दो मुखिया सहित दो दर्जन से अधिक लोग भाजपा छोड़ झामुमो में शामिल

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : गढ़वा के दो मुखिया सहित दो दर्जन से अधिक लोगों ने भाजपा छोड़कर झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थाम लिया। शनिवार को गढ़वा विधायक सह झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर सभी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री श्री ठाकुर ने सभी को माला एवं पार्टी का पट्टा पहनाकर पार्टी में शामिल कराया।

पार्टी में शामिल होने वालों में मुख्य रूप से गढ़वा प्रखंड के महुलिया पंचायत के मुखिया वीरेंद्र राम, दुबे मरहटिया पंचायत के मुखिया नीतीश तिवारी, बीडीसी हरिओम सिंह, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवि राउत, उदय प्रसाद यादव, अभय पासवान, चंदन कुमार, विजय भुईयां, छोटू ठाकुर, हरिओम विश्वकर्मा, हरिनारायण पासी, अमित विश्वकर्मा, सौरभ कुमार सिंह, दीपक ठाकुर, संजय ठाकुर, मुकेश बैठा, सीताराम पासवान, जाटा के मुमताज अंसारी, उड़सुगी के ललसु पाल, अचला के गुलाम सरवर आदि का नाम शामिल हैं।

मौके पर मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि भाजपा की झूठ एवं फरेब से जनता उब चुकी है। इस बार लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिये पूरी तरह से कमर कस के तैयार है। अब जनता बेवकूफ बनने वाली नहीं है। झामुमो के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार ने झारखंड में काफी विषम परिस्थितियों एवं अल्प समय में जितनी बेहतर कार्य की है आज तक झारखंड गठन के बाद किसी अन्य सरकार ने नहीं की है। यही कारण है कि पूरे राज्य की जनता का रूझान झामुमो की ओर है।

उन्होंने कहा कि सभी नये साथी काफी मजबूती के साथ लोकसभा चुनाव में कार्य करें। झामुमो के बेहतर कार्यां एवं भाजपा की छल एवं फरेब को जनता तक अच्छी तरह से पहुंचायें। पलामू लोकसभा सीट पर महागठबंधन प्रत्याशी ममता भुईयां की जीत सुनिश्चित है। मौके पर केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे, जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर, बीस सूत्री जिला उपाध्यक्ष नितेश सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा चौबे, दिलीप गुप्ता, रितेश तिवारी आदि लोग उपस्थित थे।