भाकपा माले का भवनाथपुर विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न

भाजपा व संघ परिवार की साम्प्रदायिक, फांसीवादी मनसूबे को पीछे धकेलने की सबसे बड़ी चुनौती : रवींद्र भुईयां
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : भाकपा माले की ओर से शुक्रवार को यहां पीडब्लूडी के डांक बंगाल परिसर में भवनाथपुर विधानसभा स्तरीय एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन सांगठनिक सवालों को पूरा करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की दावेदारी के लिये व कैसे मजबूती के साथ चुनावी अभियान को संचालित किये जाने को लेकर किया गया था।
माले राज्य कमेटी सदस्य रवीन्द्र भुईयां ने सम्मेलन को संबोधित करते हुये कहा कि भाजपा व संघ परिवार की साम्प्रदायिक, फांसीवादी मनसूबे को पीछे धकेलने की चुनौती आज सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव में भाकपा माले गठबंधन की राजनीति के साथ दृढ़ता से खड़ा रहेगा और अंतिम दम तक इसकी सफलता के लिये प्रयासरत रहेगा। श्री भुईयां ने कहा कि हमारी पार्टी विधानसभा चुनाव में सम्मान जनक दावेदारी व भागीदारी के लिये प्रयास करेगा। चुनाव में दृढ़ता व प्रभावशाली ढंग से राजनीतिक अभियान को संचालित करने के लिये मजबूत सांगठनिक ढांचा की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के पूर्व गांव-गांव में हरहाल में इसे पूरा कर लेना है। उपस्थित सदस्यों का हौसला बढ़ाते हुये उन्होंने इस चुनौती की दिशा में बढ़ने की अपील की। माले की जुझारू नेता व राज्य कमेटी सदस्य सुषमा मेहता ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार एक बार फिर झारखंड को लुटखण्ड बनाने की जीतोड़ प्रयास कर रही है।
महिलाओं व आदिवासियों की बात करने वाली भाजपा मणिपुर से लेकर झारखंड तक महिलाओं व आदिवासियों पर जुल्म अत्याचार कर रही है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा को रोककर झारखंड को बचाना हमारे लिये सबसे बड़ी चुनौती है। राज्य कमेटी सदस्य सह जिला सचिव कालीचरण मेहता ने कहा कि भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में विगत 15 वर्षों से भाजपा इस क्षेत्र की जनता के सपनों व अरमानों का गलाघोटने का काम किया है।
इस क्षेत्र की पहचान आज भी पलायन व भुखमरी की बनी हुई है। क्षेत्र के हजारों नवजवान बड़े शहरों में ठोकरें खाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के हिस्से का 1.36 लाख करोड़ रुपये दबा कर रखा है। झारखंड गरीबी व भुखमरी से बेहाल है। झारखंड की खुशहाली और आदिवासियों की बात करने वाले विधायक भानू प्रताप शाही और उनकी पार्टी भाजपा जनता की जरूरी सवालों के बजाय पूरे समाज में नफरत का माहौल बनाकर वोट की फसल बटोरने की घिनौनी साजिश कर रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुये कहा कि हमें हरहाल में झारखंड के चुनाव में बाबा साहेब के संविधान की रक्षा, जल, जंगल व जमीन की रक्षा और झारखंड की बेहतरी और खुशहाली के लिये कमर कसना है। हरहाल में गांवों में जाकर राजनीतिक अभियान को आगे बढ़ाते हुये हरहाल में भाजपा की फांसीवादी, सविधान विरोधी कदमों को रोकना है।
सम्मेलन को जिला कमेटी सदस्य कामेश्वर विश्वकर्मा, लालमुनी गुप्ता, लक्ष्मण सिंह, महेंद्र सिंह, वरुण बिहारी यादव, भोला यादव, दिलीप गुप्ता, कृष्णा यादव, राजेन्द्र विश्वकर्मा, गिरधारी सिंह, जाहूदिन अंसारी, अमरेश सिंह, राजेन्द्र राम, कमलेश सिंह गोड़, महाजन साव आदि ने संबोधित किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में माले कार्यकर्ता उपस्थित थे।