कंप्रेशर वाहन से दबकर नगर परिषद कर्मी की मौत

कंप्रेशर वाहन से दबकर नगर परिषद कर्मी की मौत

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : गढ़वा नगर परिषद कार्यालय में कार्यरत कर्मी विकास चौधरी 43 वर्ष की मंगलवार को कंप्रेशर वाहन से दब जाने के कारण मौत हो गई। मृतक कर्मी विकास गिरिडीह जिला के राजधनवार थाना अंतर्गत दसियाडी गांव निवास सदानंद चौधरी का पुत्र बताया जाता है।

जानकारी के अनुसार मृतक आकांक्षा इंटरप्राईजेज नामक एनजीओ में सुपरवाईजर के पद पर कार्यरत था। वह गत पांच वर्षो से कचरा प्रबंधन का कार्य कराता था। घटना के संबंध में बताया जाता है कि नगर परिषद की ओर से कचरा निस्तारण के लिये हाईड्रोलिक कंप्रेशर का एक नया मशीन मंगाया गया था। उसका प्रशिक्षण देने के लिये मंगलवार को दिल्ली से एक प्रशिक्षक आया था।

प्रशिक्षण के दौरान सुपरवाईजर विकास चौधरी खड़ा होकर देख रहा था। इसी बीच वह कंप्रेशर मशीन की चपेट में आ गया। जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर स्थिति में नगर परिषद के कर्मियों ने उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार सदर अस्पताल पहुंचे।

उन्होंने बताया कि विकास पिछले 5 वर्षों से आकांक्षा इंटरप्राईजेज नामक एनजीओ की ओर से गढ़वा शहर से कचरा उठाओ का कार्य करता था। मंगलवार की दोपहर में कचरा निस्तारण कंप्रेशर मशीन का प्रशिक्षण हो रहा था, जिसमें वह दब गया। शव का पोस्टमार्टम कराकर उनके परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। नगर परिषद की ओर से नियमानुसार मुआवजा के लिये हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

नगर परिषद के कर्मियों ने बताया कि विकास पिछले दिनों ही घर से होली की छुट्टी मना कर अपनी पत्नी व बच्चों के साथ गढ़वा लौटा था। विकास चौधरी घर का एकलौता कमाऊ सदस्य था। उसके कंधे पर ही परिवार की सारी जिम्मेवारी थी।