बारातियों से भरी कमांडर जीप दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत कई घायल

बारातियों से भरी कमांडर जीप दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत कई घायल

जितेंद्र यादव

डंडई: थाना क्षेत्र के लवादोनी चिनिया पहाड़ी में रविवार की रात करीब 10 बजे उस वक्त खुशी का माहौल मातम में बदल गया जब बारात लेकर आ रही एक कमांडर जीप पहाड़ी में अनियंत्रित होकर तीन बार पलट गई। इस हादसे में रंका थाना क्षेत्र के हूंनहेकला गांव निवासी 60 वर्षीय शिवनाथ यादव की दर्दनाक मौत घटना स्थल पर हो गई।

जबकि 65 वर्षीय दुखी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार बाराती कमांडर जिप रंका थाना क्षेत्र के हूंनहेकला गांव से डंडई थाना क्षेत्र के रारो गांव जा रही थी। इसी बीच चिनिया घाटी उतरने के दौरान अचानक सामने से आ रही बस को साइड देने के प्रयास में कमांडर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहराई में तीन-चार बार पलटी खा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना इतनी भयावह थी कि कई लोग वाहन से छलांग मार अपनी जान बचाई। इस दुर्घटना में दो-तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद कमांडर चालक भागने में सफल रहा। चिनिया पहाड़ी का सड़क काफी संकीर्ण व ऊंची होने के कारण हमेशा दुर्घटना होते रहती है। इस जानलेवा सड़क ने कई लोगों को जान ले लिया।

 कुछ माह पूर्व एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पहाड़ी के खाई में पलट गई थी। जिससे ड्राइवर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी।