लेजर शो के साथ चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव संपन्न

लेजर शो के साथ चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव संपन्न

स्वतंत्रता सेनानियों की शहादत के बल पर ही देश गुलामी की जंजीरों से मुक्त हुआ : मंत्री

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : गोविंद उच्च विद्यालय (नीलांबर पीतांबर बहुउद्देशीय सांस्कृतिक भवन, टाउन हॉल) के मैदान में मंगलवार की संध्या आयोजित लेजर शो के साथ चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव संपन्न हो गया। ज्ञात हो कि गढ़वा में गत तीन मार्च को आयोजित पांच बड़ी योजनाओं का लोकार्पण के मौके पर गढ़वा विधायक सह झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता व उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर की ओर से चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन कराया गया था।

लेजर शो के माध्यम से सर्वप्रथम गढ़वा के वीर शहीद नीलांबर पीतांबर की जीवनी का प्रदर्शन किया गया। उसके बाद कई देशभक्ति गानों का लेजर शो के माध्यम से प्रर्दशन किया गया। मंत्री श्री ठाकुर ने भी लेजर शो के माध्यम से वीर शहीद नीलांबर पीतांबर की जीवनी का प्रदर्शन देखा। मौके पर मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि हमारे वीर शहीद नीलांबर पीतांबर सहित अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों की शहादत के बाद आज हम आजाद भारत में जिंदगी जी रहे हैं।

जिन स्वतंत्रता सेनानियों ने अपनी जान की कुर्बानी देकर भारत मां को गुलामी की जंजीरों से आजाद कराया है, ऐसे सभी वीर शहीदों को शत-शत नमन है। ऐसे स्वतंत्रता सेनानी की जीवनी के बारे में हम सभी को और हमारे आने वाली पीढ़ी को निश्चित रूप से जानना चाहिये। इस प्रकार के कार्यक्रमों से हमें अपने देश की गौरव एवं इतिहास को जानने एवं समझने का अवसर प्राप्त होता है।

मौके पर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे, जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रेखा चौबे, विधायक प्रतनिधि कंचन साहू, अनिता दत्त, दिलीप गुप्ता सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।