विधायक अनंत के नगर गढ़ स्थित आवास पर मनाया गया हुल दिवस

विधायक अनंत के नगर गढ़ स्थित आवास पर मनाया गया हुल दिवस

सिद्धू-कान्हू झारखंड की आत्मा हैं : मुक्तेश्वर

बंशीधर न्यूज

श्रीबंशीधर नगर : विधायक अनंत प्रताप देव के नगर गढ़ स्थित आवास पर सोमवार को हुल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर झामुमो के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने वीर शहीद सिद्धू-कान्हू की शहादत को याद करते हुये उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों और आदिवासी संस्कृति के सम्मान के साथ की गई।

उस मौके पर झामुमो के वरिष्ठ नेता मुक्तेश्वर पांडेय ने कहा कि सिद्धू-कान्हू झारखंड की आत्मा हैं। वे न सिर्फ संथाल विद्रोह के महानायक थे, बल्कि उन्होंने आदिवासी समाज को ब्रिटिश शासन के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की प्रेरणा दी। उन्होंने 1855 में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह कर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिये जो संघर्ष शुरू किया वह आज भी हमें हक और अधिकार की लड़ाई लड़ने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि जब आदिवासियों पर जमींदारों, पुलिसकर्मियों और ब्रिटिश सरकार द्वारा अत्याचार किया जा रहा था, उस दौर में सिद्धू और कान्हू ने अपनी बहनों की कुर्बानी देकर भी हार नहीं मानी। उन्होंने हुल (विद्रोह) का बिगुल फूंका और हजारों आदिवासियों को संगठित कर क्रांति की मशाल जलाई। उनका यह बलिदान इतिहास के पन्नों में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है।

उन्होंने ने कहा कि झामुमो शुरू से ही शहीदों के सपनों को साकार करने की दिशा में काम कर रही है और झारखंड को एक समृद्ध राज्य बनाने के लिये कटिबद्ध है। मौके पर झामुमो नेता निर्मल पासवान, कामता प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष अमरनाथ पांडेय, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अमर राम, रमेश चंद्रवंशी, प्रदीप राम, मदन सिंह, सूर्यदेव राम, रमना महिला मोर्चा अध्यक्ष रागनी देवी, सीमा देवी, पूजा देवी, पुष्पा देवी, बीडी पांडेय, पप्पू सिंह, दिलेश सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।