झामुमो ने निकाला झारखंडी अधिकार मार्च, दिया धरना

केंद्र की भाजपा सरकार लूट रही झारखंडियों का अधिकार : झामुमो
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : झामुमो के तत्वावधान में शुक्रवार को अधिकार मार्च निकाला गया। जिला अध्यक्ष तनवीर आलम के नेतृत्व में झामुमो नेताओं ने चिनिया रोड, नहर चौक से समाहरणालय तक अधिकार मार्च निकालकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तत्पश्चात समाहरणालय के समक्ष धरना दिया। धरना को संबोधित करते हुये वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार एक आंख में सुरमा तो दूसरे आंख में काजल की तरह व्यवहार कर रही है।
गैर भाजपा शासित राज्यों के साथ लगातार भेदभाव कर रही है। केंद्र सरकार झारखंड का बकाया एक लाख 37 हजार करोड़ रुपये रॉयल्टी का पैसा नहीं दे रही है। साथ ही राज्य का आठ लाख प्रधानमंत्री आवास योजना का पैसा रोककर रखी हुई है। विगत दिनों खेलो इंडिया के तहत देश के सभी राज्यों को राशि आवंटित की गई। जिसमें झारखंड को मात्र नौ करोड़ रूपये प्रदान किया गया। जबकि खेल के क्षेत्र में झारखंड का हमेशा उम्दा प्रदर्शन रहा है।
तीरंदाजी के क्षेत्र में दीपिका कुमारी, हॉकी में सलीम टेटे, निक्की प्रधान, तीरंदाजी टीम स्पर्धा में मेडल लाने वाली अंकित भगत, कोमोलिका बारी, शूटिंग में उत्कर्ष सिंह, क्रिकेट के क्षेत्र में महेंद्र सिंह धोनी, ईशान किशन सहित अनेकों खिलाडियों ने विश्व पटल पर बेहतर प्रदर्शन किया है। फिर भी झारखंड से खराब प्रदर्शन करने वाले राज्य को खेलो इंडिया के तहत ज्यादा पैसा दिया गया है।
केंद्र सरकार के दोहरी नीति से झारखंड की जनता का हक अधिकार लूटा जा रहा है। दूसरी तरफ भाजपा के सांसद-विधायक हाथ में चूड़ियां पहनकर और आंखों में पट्टी बांधकर केंद्र सरकार से झारखंड का हक अधिकार मांगने के बजाय चुप्पी साधे हुये हैं।
मौके पर मुख्य रूप से केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे, सचिव मनोज ठाकुर, नितेश सिंह, सलीम जाफर, शंभू चंद्रवंशी, राज किशोर यादव, निर्मल पासवान, शरीफ अंसारी, संजय कांस्यकार, फरीद खान, डॉ मकबूल खान, हरेंद्र चौधरी, रेखा चौबे, चंदा देवी, सैयद गुलाम हुसैन, दीपमाला कुमारी, चंदन पासवान, अमरेंद्र पांडेय, संजय सिंह छोटू, अमित सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, आशीष गुप्ता, कामेश्वर चौधरी, आराधना सिंह, आशीष अग्रवाल, अरविंद तिवारी, मुन्ना सिंह सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।