झामुमो ने विधायक की शव यात्रा निकालकर किया पुतला दहन

झामुमो ने विधायक की शव यात्रा निकालकर किया पुतला दहन

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शुक्रवार को विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी का टाउन हॉल के मैदान से रंका मोड़ तक शव यात्रा निकालकर पुतला दहन किया। साथ ही उनके द्वारा विधानसभा में निर्लजता से कही हुई झूठ की कड़ी निंदा की। मौके पर जिलाध्यक्ष तनवीर आलम ने कहा कि विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी अपने आचरण के अनुरूप विधानसभा में भी निर्लजता का परिचय देते हुये सफेद झूठ परोसने का काम कर रहे हैं।

वह अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने में इतने अंधे हो गये हैं कि किसी की मौत पर गंदी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं। दुख की घड़ी में एक पंचायत प्रतिनिधि के परिवार के साथ खड़ा होने की बजाय उसकी इज्जत को सरेआम लोकतंत्र की मंदिर में तार-तार करने का काम किया है। उन्होंने उस परिवार, उनके समाज, गढ़वावासी सहित पूरे पंचायत प्रतिनिधियों का अपमान किया है। इस तरह का झूठा लांछन लगाकर विधायक अपनी गिरी मानसिकता और घिनौनी राजनीति का परिचय दे रहे हैं।

अगर विधायक के वक्तव्य में जरा सी भी सच्चाई है तो वह उसे प्रमाणित करने का काम करें अन्यथा इस तरह से सरेआम सदन में गढ़वावासियों की इज्जत और मर्यादा को तार-तार करने का प्रयास का खुलकर विरोध होगा।

मौके पर केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे, सचिव मनोज ठाकुर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा चौबे, कंचन साहू, मनोज गुप्ता, दीपक सोनी, दिव्य प्रकाश केशरी, संजय कांस्यकार, दिलीप गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, राजेश गुप्ता, वंदना जायसवाल, चंदा देवी, आशिष अग्रवाल, दशरथ प्रसाद गुप्ता, भरत केशरी, भोला केशरी, संजय सिंह छोटू, सलीम जाफर, चैतू सिंह खरवार, कार्तिक पांडेय, दीप माला आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।