डंडई प्रखंड में गाजे-बाजे संग कलश यात्रा, 24 जगह दुर्गा पूजा का आगाज़

जितेंद्र यादव
डंडई: डंडई प्रखंड क्षेत्रों में सोमवार को कलश यात्रा के साथ शारदीय नवरात्र शुरू हो गई। प्रखंड के रारो,लवाही,डंडई, जरही सहित कई गांवों में नवरात्र के पहला दिन कलश यात्रा निकाली गई। रारो बाजार दुर्गा पूजा कमिटी के अध्यक्ष पप्पू यादव, लवाही में दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष गोरेलाल साव, जरही में पूजा कमिटी के अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता, डंडई प्रखंड मुख्यालय में दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष मिथलेश प्रसाद के नेतृत्व में कलश यात्रा निकाली गई।
जिसमें कन्याओं,महिलाओं व पुरुष श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कलश यात्रा गाजे बाजे के साथ विभिन्न मार्गों से होते हुए पारंपरिक तरीके से निकाला गया। वहीं अन्य गांवों में भी पूजा कमेटी के तत्वाधान में कलश यात्रा निकाल कर शारदीय नवरात्र प्रारंभ किया गया।रारो बाजार की कलश यात्रा पूजा पंडाल से प्रारंभ होकर विभिन्न गली मोहल्लों में होते हुए सत्यारी डीहवार स्थान नदी से जल उठाया गया।
लवाही में पूजा स्थल से कलश यात्रा प्रारंभ कर लवाही व पचौर गांव के सिवान पर मंगरदहा नदी के तट से जल उठाया गया। जरही में पूजा पंडाल से कलश यात्रा प्रारंभ होकर विभिन्न गली मोहल्ले होते हुए दानरो नदी से जल उठाया गया। जबकि डंडई में देवी धाम स्थल से कलश यात्रा प्रारंभ कर जरदे स्थित सरस्वती और दानरो नदी संगम से जल उठाया गया। जल उठाने के दौरान विद्वान पंडितों के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा अर्चना कराई गई।
पुनः कलश यात्रा पूजा पंडाल में पहुँचा। श्रद्धालुओं ने कलश स्थापना की।कलश स्थापना के साथ ही शारदीय नवरात्र प्रारंभ हो गया है। और शारदीय नवरात्र भजनों से पूरा इलाक़ा दिनभर गुंजायमान रहा। वहीं प्रखंड के सुदूरवर्ती गाँवों में भी दुर्गापूजा महोत्सव को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस साल पूरे प्रखंड में 24 स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है।
इधर शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन के लोग भी लगातार गस्ती कर रहे है। रारो बाज़ार की कलश यात्रा में कमलेश यादव,पप्पू यादव,विजय सिंह, चंद्रिका यादव,प्रताप यादव सहित अन्य लोग शामिल थे। लवाही कि कलश यात्रा में मुखिया बच्चा लाल गुप्ता, अध्यक्ष गोरेलाल साव,लाल बिहारी पासवान सहित सैकड़ों लोग शामिल थे।