ससुराल में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, मायके वालों ने हत्या का लगाया आरोप

ससुराल में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, मायके वालों ने हत्या का लगाया आरोप

थाना पुलिस ने पति, ससुर तथा भसुर को हिरासत में लेकर कर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है 

बंशीधर न्यूज

मेराल : थाना क्षेत्र के अकलवानी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। मायके वालों ने ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित आवेदन देकर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मेराल थाना के अकलवानी गांव में शुक्रवार की रात्रि दो बच्चों की मां की मौत संदेहास्पद स्थिति में हुई है।

शनिवार की सुबह में मृतक महिला के मायके वालों ने दहेज के लिए मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस बाबत मृतक महिला चंचला देवी उम्र करीब 38 वर्ष के भाई श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के झरिया गांव निवासी मुकेश चौबे द्वारा मेराल थाना में आवेदन देखकर कहा गया है कि अकलवानी गांव निवासी सतीश मिश्रा का पुत्र विवेक चौबे से उसकी बहन चंचला की शादी 2014 में हिंदू रीति रिवाज के अनुसार दान दहेज देकर की गई थी।

शादी के बाद से ही ससुराल वालों द्वारा और दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था। बाद में भी मैं तथा मेरे भैया द्वारा बहन के ससुराल वालों को पैसा दिया था और अपने स्तर से सुलह समझौता करने का प्रयास किया था। बावजूद बहन को उसके पति, सास-ससुर तथा घर के अन्य लोगों द्वारा लगातार मारपीट तथा घरेलू प्रताड़ना (खाना नहीं देना) किया जाता रहा। 15 फरवरी की रात्रि 12:41 बजे विवेक मिश्रा द्वारा मेरे छोटे भाई के मोबाइल पर बहन चंचल के मृत्यु होने की सूचना दी गई।

मुकेश ने उक्त मामले में मृतक महिला चंचला के पति विवेक मिश्रा, ससुर सतीश मिश्रा, सास भारती देवी, भसुर राजू मिश्रा, जेठानी रानी देवी, देवर विशाल मिश्र एवं उसकी पत्नी पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिक की दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। उधर घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी विष्णु कांत पुलिस बल के साथ मृतिका के घर पहुंच कर घटना की जानकारी ली तथा महिला पुलिस से शव का निरीक्षण कराया।

शरीर पर मारपीट का चिन्ह पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पति विवेक मिश्रा, ससुर सतीश मिश्रा तथा भसुर राजू मिश्र को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। बाद में मृतक महिला के मायके से बड़ी संख्या में लोग अकलवानी पहुंच गए तथा पुलिस के समक्ष आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस द्वारा अंत्य परीक्षण के लिए शव को सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया।