सम्पूर्ण देश में मानव सेवा का पर्याय बन चुका है सर्वेश्वरी समूह : रागिनी राय

सम्पूर्ण देश में मानव सेवा का पर्याय बन चुका है सर्वेश्वरी समूह : रागिनी राय

29 दिसंबर को विश्रामपुर में लगेगा निःशुल्क मेगा चिकित्सा शिविर

विश्रामपुर राजपरिवार ने प्रेसवार्ता में सर्वेश्वरी समूह के समाजसेवार्थ कार्यों का किया उल्लेख

बंशीधर न्यूज

विश्रामपुर : विश्रामपुर राजपरिवार की बहु सह मेदिनीनगर सर्वेश्वरी शाखा उपाध्यक्ष रागिनी राय ने कहा कि श्री सर्वेश्वरी समूह' एक ऐसी संस्था है जिसके पीछे एक प्रेरणा व शक्ति कार्य कर रही है। जिसके कारण ही सर्वेश्वरी समूह पूरे देश में मानव सेवा का पर्याय बन चुका है। परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम ने श्री सर्वेश्वरी समूह' की स्थापना करके एक नवीन व युगीन कार्य किया है। जो आज धरातल पर गौरव प्रदान कर रहा है।

श्रीमति राय बुधवार को विश्रामपुर राजगढ़ में आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि श्री सर्वेश्वरी समूह' एक ऐसा संगठन है जो सम्पूर्ण विश्व के कल्याणार्थ मार्गदर्शक का कार्य करता है। यह समाज-सेवा करने वाली संस्था है जो किसी जाति, धर्म, सम्प्रदाय का भेदभाव के बगैर समाजसेवार्थ कार्य करता है। उन्होंने बताया कि श्री सर्वेश्वरी समूह के वाराणसी प्रधान कार्यालय व समूह के प्रयागराज शाखा द्वारा आगामी 29 दिसंबर को विश्रामपुर जनता उच्च विद्यालय के खेल मैदान में निःशुल्क मेगा चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जायेगा।

शिविर में 25 विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी टीम के साथ रोगियों का जांचोपरांत इलाज करेंगे। शिविर में एलोपैथ व होमियोपैथ पद्धति से सभी रोगों का इलाज किया जायेगा। शिविर में पैथलोजी सेंटर भी होगा। जांचोपरांत चिकित्सकों द्वारा इलाज किया जायेगा। मरीजों को परामर्श और मुफ्त दवा भी दी जायेगी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र के जो मरीज शिविर तक आने मे असहाय होंगे उन्हे समूह की ओर से वाहन भी उपलब्ध कराया जायेगा।

मेगा चिकित्सा शिविर में पांच हजार लोगों का जांचोपरांत मुफ्त इलाज कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने आम लोगों से शिविर में आकर स्वास्थ जांच और उपचार कराने का आग्रह किया। समूह के विश्रामपुर शाखा मंत्री नागेंद्र प्रसाद पांडेय ने बताया कि मेगा चिकित्सा शिविर के आयोजन की तैयारी जोरों पर है। समूह के पदाधिकारी एवं सदस्य शिविर की सफलता में जुट गये हैं।

उन्होंने कहा कि सर्वेश्वरी समूह की देश में कुल 75 शाखाएं समाजसेवा के 19 सूत्रों के साथ सेवार्थ कार्य कर रही है। विश्रामपुर राजपरिवार की बहु रागनी राय 1984 से समुह से जुड़कर समाजसेवार्थ कार्य में लगी हुई हैं, जो हम सबों के लिये गर्व की बात है।प्रेसवार्ता में विश्रामपुर राजपरिवार के रंजीत सिंह राय उर्फ मुन्ना सरकार, राहुल सिंह, चिंसू सिंह, राजपुरोहित अच्युतानंद पांडेय आदि मौजूद थे।