लोकतंत्र की चाबी जनता के हाथ में है : मंत्री मिथलेश

जाटा मुखिया उदय कुशवाहा सहित विभिन्न गांवों के 500 से अधिक लोग झामुमो में शामिल
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही जनहित की योजनाओं एवं गढ़वा में हो रहे ऐतिहासिक विकास कार्यां से प्रभावित होकर प्रतिदिन दूसरे राजनीतिक दलों को छोड़कर लोगों के झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल होने का सिलसिला जारी है। गढ़वा प्रखंड के जाटा पंचायत के मुखिया उदय कुशवाहा सहित विभिन्न गांवों के 500 से अधिक लोगों ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की।
गढ़वा विधायक व झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकुद एवं युवा कार्य मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के आवास पर गढ़वा प्रखंड के गांगी, गढ़वा, प्रतापपुर, मेढ़ना, बेलचंपा, करूआ, बाएं, बनपुरवा आदि गांवों के 200 से अधिक लोगों ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। जबकि जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान जाटा पंचायत के मुखिया उदय कुशवाहा, रंका के उंचरी में बसपा छोड़कर 200 से अधिक लोगों ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की।
मंत्री श्री ठाकुर ने सभी को माला व पार्टी का पट्टा पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर पार्टी में शामिल किया। पार्टी में शामिल होने वालों ने आगामी विधानसभा चुनाव में मंत्री श्री ठाकुर को ऐतिहासिक जीत दिलाने एवं राज्य में महागठबंधन की सरकार बनाने का संकल्प लिया। मौके पर मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र की चाबी जनता के हाथ में होती है। जनता जिसे चाहे उसे अपना प्रतिनिधित्व सौंप सकती है।
उन्होंने कहा कि राज्य में चलायी जा रही जनहित के कार्यां से जनता प्रभावित है। पूरे राज्य में लोगों ने पुनः हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनाने का ठान लिया है। उन्होंने कहा कि जनता अच्छी तरह से समझ चुकी है कि राज्य का भला कौन कर सकता है।