झामुमो का नया मीडिया पैनल गठित, गढ़वा से मिथिलेश ठाकुर और धीरज दुबे को मिली जिम्मेदारी

झामुमो का नया मीडिया पैनल गठित, गढ़वा से मिथिलेश ठाकुर और धीरज दुबे को मिली जिम्मेदारी

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पार्टी की विचारधारा, नीतियों, कार्यक्रमों और सम-सामयिक मुद्दों पर प्रभावशाली ढंग से पक्ष रखने के लिये राज्य स्तर पर नया मीडिया पैनल गठित किया है। इस पैनल में राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 11 प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, जिनकी जिम्मेदारी होगी कि वे मीडिया के माध्यम से पार्टी की आवाज को संगठित और मर्यादित ढंग से आम जनमानस तक पहुंचाएं।

गढ़वा जिला से पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर और झामुमो केंद्रीय समिति के सक्रिय सदस्य धीरज दुबे को इस पैनल में शामिल किया गया है। दोनों नेताओं की नियुक्ति को लेकर जिले के झामुमो कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। पार्टी नेताओं का मानना है कि यह कदम जिले में पार्टी की गतिविधियों और जनसंपर्क को नई दिशा देगा।

पैनल में अन्य सदस्यों में गिरिडीह से डॉ सरफराज अहमद, साहेबगंज से विजय हांसदा, रांची से डॉ महुआ माजी, विकास कुमार मुंडा, प्रो अशोक कुमार सिंह, तनुज खत्री, धनबाद से डॉ नीलम मिश्रा, पूर्वी सिंहभूम से मनोज यादव और पंकज मिश्रा को भी शामिल किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने सभी पैनल सदस्यों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे मीडिया में बयान देते समय पार्टी की मर्यादा, अनुशासन और विचारधारा का पालन करें। किसी भी विवादास्पद या संवेदनशील मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने से पहले केंद्रीय नेतृत्व से परामर्श करना अनिवार्य होगा।

गढ़वा में इस नियुक्ति की खबर फैलते ही कार्यकर्ताओं ने दोनों प्रतिनिधियों को बधाई दी और भरोसा जताया कि वे पार्टी की नीतियों और विचारों को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करेंगे।

बधाई देने वालों में झामुमो जिलाध्यक्ष शंभू राम, सचिव शरीफ अंसारी, मदनी खान, परेश तिवारी, केंद्रीय सदस्य जवाहर पासवान, अनिता दत्त, नितेश सिंह, राजकिशोर यादव, चन्दन जायसवाल, अंजली गुप्ता, दीपमाला, फुजैल अहमद, सलीम जाफर, कंचन साहू, नसीम अख्तर आदि का नाम शामिल है।