जन शिकायत समाधान में बुजर्ग ने बेटों से बचाने की लगाई गुहार

जन शिकायत समाधान में बुजर्ग ने बेटों से बचाने की लगाई गुहार

बंशीधर न्यूज

मेदिनीनगर : मेदिनीनगर टाउन, छतरपुर तहसील, नावा बाजार और हुसैनाबाद थाने में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। टाउन थाना में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का उद्घाटन पलामू के जोनल आईजी सुनील भास्कर व एसपी रीष्मा रमेशन ने उद्घाटन किया। आईजी सुनील भास्कर ने कहा कि आम लोगों की शिकायतें थाना स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही हैं। वरीय अधिकारी इसकी निगरानी कर रहे हैं ताकि आम लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके। आईजी ने कहा कि कई ऐसे लोग हैं जिनकी समस्याओं का समाधान हुआ है। पुलिस लगातार शिकायतों को ट्रैक करती है और उसका समाधान करती है।

आईजी ने कहा कि लोग जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में खुलकर अपनी बातों को रखें ताकि उसका समाधान हो सके। एसपी रीष्मा रमेशन ने कहा कि पुलिस संवेदनशील होकर समस्याओं का समाधान कर रही है। एक बार शिकायत आने के बाद उसे लगातार मॉनिटर किया जाता है। ताकि उसका समाधान हो सके। कई समस्याओं का थाना स्तर पर समाधान किया गया है। जबकि कई मामले में एफआईआर दर्ज की गई हैं।

जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में दर्जनों लोग पुलिस के अधिकारियों के पास शिकायत लेकर पहुंचे थे जिनका ऑन स्पॉट समाधान किया गया। कार्यक्रम में सतबरवा के विश्वनाथ सिंह ने अपने बेटे की शादी के लिये रास्ता खुलवाने की गुहार लगाई। गांव में रास्ते का विवाद चल रहा है और रास्ता बंद है। विश्वनाथ सिंह बेटे की शादी का कार्ड लेकर समाधान कार्यक्रम में पहुंचे थे। रेहला थाना क्षेत्र के अखिलेश कुमार सिंह को मुआवजा मिलना है। इस मुआवजे को लेकर विवाद है जिस कारण उन्होंने पुलिस से अपनी जान बचाने की गुहार लगाई है। अखिलेश कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्हें अपने बेटों से खतरा है।