कदम-कदम पर बदलती है भाजपा की बात व चाल : कल्पना सोरेन

कदम-कदम पर बदलती है भाजपा की बात व चाल : कल्पना सोरेन

तानाशाही ताकतों को उखाड़ फेंके : मंत्री मिथिलेश

चिनियां के आईटीआई मैदान में इंडिया गठबंधन की चुनावी जनसभा आयोजित

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि भाजपा की बात और भाजपा की चाल कदम-कदम पर बदलते रहती है। झूठे सपने दिखलाकर भाजपा सत्ता में बने रहना चाहती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि सभी लोग वोट की चोट कर भाजपा की चाल को ठीक कर दें। वे शनिवार को जिले के चिनियां प्रखंड के चिरका स्थित आईटीआई के मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रही थी।

उन्होंने लोगों से आगामी 13 मई को पलामू लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी ममता भुईयां को लालटेन छाप पर वोट देकर पलामू की आवाज को बुलंद करें।श्रीमती सोरेन ने कहा कि लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिये इंडिया गठबंधन को जीतायें। यदि लोकतंत्र नहीं बचेगा तो हम सभी का सारा अधिकार लूट जायेगा।

उन्होंने कहा कि दिशोम गुरू शिबु सोरेन ने जिन उद्देश्यों के साथ झारखंड राज्य को अलग कराया था, उनके सपनों को पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूरा कर रहे थे। उन्होंने केंद्र से अपने राज्य का बकाया पैसा एक लाख 36 हजार करोड़ मांगा तो केंद्र सरकार को तकलीफ हो गई। उस पैसे से पूरे झारखंड राज्य की एक-एक जनता का विकास होता। हेमंत सोरेन द्वारा किये जा रहे बेहतर कार्यां से घबराकर उन्हें जेल में बंद कर दिया।

श्रीमती सोरेन ने कहा कि झारखंड गरीब नहीं है। यहां धरती के नीचे अथाह खजाना भरा हुआ है। झारखंड के इसी खाने पर केंद्र की गिद्ध नजर लगी हुई है। केंद्र सरकार झारखंड को लूटने के लिये हर हथकंडा अपना रही है। उन्होंने कहा भाजपा के लोग अपने काम करेंगे नहीं और दूसरे के कामों का श्रेय लेने की होड़ मचाये रखते हैं। श्रीमती सोरेन की कहा कि अभी वक्त है सभी लोग एकजुट होकर केंद्र सरकार को सबक सिखायें।

गढ़वा विधायक सह झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने उपस्थित जनसमूह से आह्वान करते हुये कहा कि अब वक्त आ गया है कि तानाशाही ताकतों को उखाड़ फेंके। लोकतंत्र एवं संविधान का अपमान करने वालों को सबक सिखायें। यह लड़ाई झारखंड की आन, बान और शान की लड़ाई है। राज्य की स्मिता बचाने के लिये इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी ममता भुईयां को वोट देकर दिल्ली पहुंचायें।

उन्होंने कहा कि कल्पना सोरेन घर परिवार को संभालने वाली महिला थी। केंद्र सरकार ने झारखंड की आवाज को दबाने के लिये हेमंत सोरेन को जेल भेज दिया, तब ये झारखंड की आवाज बनकर राज्य की स्मिता बचाने के लिये सामने आयीं। तीन महीने से भी कम समय में केंद्र सरकार की अन्याय के खिलाफ पूरे देश में छा गई। पलामू की बेटी ममता भुईयां को आशीर्वाद देकर अपने हक, अधिकार की आवाज को बुलंद करें।

मौके पर प्रत्याशी ममता भुईयां, डॉ यासिन अंसारी, जेपी मिंज, शंभू राम, राजकिशोर यादव, सत्यनारायण यादव, राजद प्रदेश उपाध्यक्ष फरीद खान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओबेदुल्लाह हक अंसारी, झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष छोटू सिंह खरवार, दीपमाला आदि ने विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष नितेश सिंह ने किया।

मौके पर मुख्य रूप से झामुमो जिला सचिव मनोज ठाकुर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा चौबे, राजद जिलाध्यक्ष सूरज सिंह, माले नेत्री सुषमा मेहता, जिप अध्यक्ष शांति देवी, चिनियां प्रखंड अध्यक्ष अरविंद यादव, करीब अंसारी, गुलाब सिंह, दिलीप गुप्ता सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।