भाजपा हार के डर से ईडी से करवा रही छापेमारी: धीरज दुबे

भाजपा हार के डर से ईडी से करवा रही छापेमारी: धीरज दुबे

पलामू प्रमंडल से साफ हो जायेगी भाजपा

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता धीरज कुमार दुबे ने मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के खिलाफ ईडी की छापेमारी को राजनीति से प्रेरित बताया। कहा कि भाजपा को पलामू प्रमंडल के पांच सीटों पर मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के प्रभाव से हार का अंदेशा है तथा कोल्हान के चाईबासा में भी मंत्री मिथिलेश की मजबूत पकड़ है। गढ़वा में हुये विकास कार्यों की चर्चा पलामू प्रमंडल के सभी विधानसभा सीटों पर हो रही है।

यहां के विकास कार्यो को देखकर पलामू के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में जनता अपने विधायक से सवाल पूछना शुरू कर दिया है। यहां तक की क्षेत्र के पिछड़ापन और बदहाली के लिये दशकों से क्षेत्र में काबिज अपने विधायक को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। श्री दूबे ने कहा कि विकास कार्यों के अलावे मंत्री मिथिलेश ठाकुर पलामू प्रमंडल के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते आये हैं, जिससे गठबंधन की ओर लोगों का रुझान बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के अंदरूनी सर्वे में मंत्री मिथिलेश के कार्यशैली से भाजपा को पांच विधानसभा सीटों पर नुकसान होता हुआ दिख रहा है। विगत 6 महीने से मंत्री मिथिलेश को भाजपा में शामिल होने का दबाव दिया जा रहा था, परंतु साफ मना करने के बाद डराने की नीयत से भाजपा अपने तोता से छापेमारी करवा रही है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को यह जानकारी नहीं है कि मंत्री मिथिलेश दिशोम गुरु शिबू सोरेन के शिष्य हैं।

 वे दबाव और भय से भाजपा जैसी धार्मिक उन्माद फैलाने वाली और झूठ-फरेब परोसने वाली पार्टी में कभी शामिल नहीं होने वाले। ईडी जितना मर्जी उतना छापा मार ले, परंतु उसको गढ़वा की जनता की समस्याओं का आवेदन एवं गढ़वा की विकास गाथा का ग्रंथ के अलावा कुछ भी नहीं मिलने वाला। उन्होंने कहा कि चुनाव को देखते हुये भाजपा राजनीतिक हथियार के रूप में ईडी का गलत इस्तेमाल कर रही है, परंतु इससे मंत्री मिथिलेश डरने वाले नहीं हैं।

झामुमों का हर एक कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा के गलत नीति और खोटी नियत को लोगों को बताने का काम करेंगे। भाजपा के इन ओछी हरकतों से झामुमो के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है तथा गढ़वा की जनता भी इसे राजनीतिक दुर्भावना से ग्रसित कार्रवाई मान रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता इसका भरपूर जवाब देगी।