झामुमो ने संविधान के 130 वें संशोधन के विरोध में केंद्र सरकार का किया पुतला दहन

झामुमो ने संविधान के 130 वें संशोधन के विरोध में केंद्र सरकार का किया पुतला दहन

यह संशोधन न केवल संविधान की मूल आत्मा से छेड़छाड़ है, बल्कि संघीय ढांचे पर सीधा हमला है : जिलाध्यक्ष

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : संविधान में प्रस्तावित 130 वें संशोधन के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने रविवार को यहां रंका मोड़ पर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर जनविरोधी नीतियां थोपने का आरोप लगाते हुये टाउन हॉल के मैदान से रंका मोड़ तक शवयात्रा निकालकर पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष शंभू राम का कहना है कि यह संशोधन न केवल संविधान की मूल आत्मा से छेड़छाड़ है, बल्कि संघीय ढांचे पर सीधा हमला है।

पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्यों के अधिकारों को लगातार कमजोर कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं को अपने राजनीतिक हितों के अनुसार इस्तेमाल कर रही है। जिला सचिव शरीफ अंसारी ने कहा कि संविधान बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की दूरदृष्टि और करोड़ों भारतीयों के संघर्ष का परिणाम है। केंद्र सरकार बार-बार उसमें बदलाव कर जनता की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। 130 वां संशोधन इसी कड़ी का हिस्सा है, जिसे झामुमो किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि विगत कुछ वर्षों में हुये घटनाक्रम में जनता ने देखा है कि किस रूप में केंद्र सरकार ने राज्यों को अस्थिर करने का हर संभव प्रयास किया है। चुने हुये मुख्यमंत्री को बिना किसी कारण के 5 महीने तक जेल में रखा गया था। इस विधेयक को पास कर केंद्र की सरकार सरकारी एजेंसी का दुरुपयोग करते हुये किसी भी राज्य की चुनी हुई सरकार पर झूठा आरोप लगाकर उसके मुख्यमंत्री को जेल भेज सकती है तथा जेल जाते ही भाजपा के द्वारा विपक्षी पार्टियों को तोड़ने और सरकार को अस्थिर करने का खेल शुरू हो जायेगा।

प्रदर्शन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने जनता से अपील की कि वे इस संशोधन के खिलाफ एकजुट हों। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार इस संशोधन को वापस नहीं लेती है, तो राज्यभर में आंदोलन को और तेज किया जायेगा।

उस मौके पर शम्भू राम, शरीफ अंसारी, तनवीर आलम खां, मनोज कुमार ठाकुर, जवाहर पासवान, अनिता दत, धीरज दुबे, निलु खां, फुजैल अहमद, अरविंद यादव, रंथा नायक, वसीम खां, संजय सिंह छोटू, फरीद खां, धनंजय तिवारी, मुजीबुर रहमान, बब्लू तिवारी, शफीक अंसारी, जब्बार खां, दिव्य प्रकाश केसरी, आशीष अग्रवाल, रेखा चौबे, आराधना सिंह, नवीन तिवारी, राजन उरांव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।