शांति समिति की बैठक में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का निर्णय

दुर्गा पूजा न केवल धार्मिक उत्सव है, बल्कि यह समाज में एकता और भाईचारे का प्रतीक है : एसडीओ
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर थाना में शनिवार को हुई शांति समिति की बैठक में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में उपस्थित प्रबुद्धजनों एवं पूजा समिति के लोगों ने बारी-बारी से जानकारी दी एवं अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष साझा किया। पूजा समिति के लोगों को प्रशासन ने हर संभव मदद करने का भरोसा दिया। बैठक में बोलते हुये एसडीओ प्रभाकर मिर्धा ने कहा कि दुर्गा पूजा न केवल धार्मिक उत्सव है, बल्कि यह समाज में एकता और भाईचारे का प्रतीक भी है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा की दुर्गा पूजा के अवसर पर किसी तरह का सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करने वाली कमेटी अश्लीलता पर विशेष ध्यान रखें अन्यथा प्रशासन द्वारा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी। एसडीओ ने कहा कि पूजा के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले लोगों पर विशेष नजर रहेगी। लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत है, अफवाह फैलाने वाले की सूचना प्रशासन को तत्काल दें ताकि दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि शरारती एवं उपद्रवि तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा को देखते हुये पुलिस की गश्ती बढ़ाई जायेगी और अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि पूजा समिति अपने-अपने पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरा एवं एम्बुलेंस, अग्निशमन, पुलिस प्रशासन, थाना प्रभारी का मोबाईल नंबर अवश्य लगाएं। जिससे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पूजा पंडाल में हो सकेगा।
साथ ही मूर्ति विसर्जन के दिन वीडियोग्राफी कराना अनिवार्य है। किसी प्रकार के अप्रियघटना होने पर कमेटी के ऊपर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से पुलिस प्रशासन को सहयोग करने की अपील की। संचालन अमरनाथ पांडेय ने किया। बैठक में पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, बीडीओ रौशन कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि मुकेश चौबे, नपं उपाध्यक्ष लता देवी, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष शैलेश चौबे, लक्ष्मण राम, अशोक सेठ, मुश्ताक अहमद शेख, हजारी प्रसाद, नव युवक क्लब के अध्यक्ष कमलेश मेहता, अजय प्रसाद, शुभम कुमार, सौरभ कुमार, ठाकुर सत्यजीत राज, जय भामा शाह क्लब के अध्यक्ष रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू, ऋतुराज जायसवाल, शमीम खान, महमूद आलम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।