गढ़वा में साढ़े पांच करोड़ रुपये की लागत से होगा चार स्टेडियम का निर्माण, मिली स्वीकृति

गढ़वा में साढ़े पांच करोड़ रुपये की लागत से होगा चार स्टेडियम का निर्माण, मिली स्वीकृति

खेल के क्षेत्र में भी नंबर वन बनेगा गढ़वा : मंत्री मिथिलेश

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में चार प्रखंडों में लगभग साढ़े पांच करोड़ रुपये की लागत से प्रखंड स्तरीय चार स्टेडियम का निर्माण किया जायेगा। इसके लिये झारखंड सरकार के पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। शीघ्र ही निविदा की प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जायेगा।

जानकारी देते हुये गढ़वा विधायक व झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के चिनिया प्रखंड के ग्राम चिरका में 1 करोड़ 12 लाख 55 हजार 800 रुपये की लागत से, डंडा प्रखंड के ग्राम मोतीहारा में 1 करोड़ 34 लाख 25 हजार 600 रुपये की लागत से, रमकंडा प्रखंड के ग्राम सबाने में 1 करोड़ 42 लाख 53 हजार 300 रुपये की लागत से तथा गढ़वा प्रखंड के ग्राम बलिगढ़ में 1 करोड़ 33 लाख 76 हजार 600 रुपये की लागत से प्रखंड स्तरीय स्टेडियम का निर्माण किया जायेगा।

 मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि गढ़वा मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ, सामाजिक, धार्मिक एवं खेल के क्षेत्र में भी काफी तेजी से विकास कर रहा है। खेल के क्षेत्र में भी विकास का गढ़वा अब इतिहास रचेगा। जिले में खेल की सारी आधारभूत संरचनाएं उपलब्ध होगी।

यहां के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का हर अवसर एवं सुविधा प्रदान किया जायेगा। मंत्री ने कहा कि गढ़वा में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बस उन्हें उचित प्रोत्साहन एवं सहयोग की जरूरत है। इसके लिये वे हमेशा तैयार हैं। हर क्षेत्र के खिलाड़ियों को सारी सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।