झारखंड विधानसभा का चुनाव झारखंड की तकदीर और तस्वीर बदलने का चुनाव : योगी

बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि झारखंड विधानसभा का चुनाव झारखंड की तकदीर और तस्वीर बदलने का चुनाव है। विकसित झारखंड बनाने के लिये चुनाव में भाजपा को बहुमत से जिताने की जरूरत है। वे सोमवार को यहां गोसाई बाग मैदान में पार्टी के प्रत्याशी भानू प्रताप शाही के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो सुरक्षा, विकास, सम्मान के लिये काम करती है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में भाजपा कई जनउपयोगी योजनाओं को चला रही है।
करोड़ों लोगों को आवास, शौचालय, उज्ज्वल योजना, फ्री राशन का लाभ, आयुष्मान योजना का लाभ देकर सशक्त और सम्मान देने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि पांच साल से झारखंड में भ्रष्टाचार, अराजकता का बोलबाला है। प्राकृतिक संसाधनों का लुट हो रहा है। अपराध चरम पर है। बहन बेटियों के साथ रोजाना अपराध की घटनाएं घट रही है।
इन सबको रोकना है तो भाजपा की सरकार बनानी होगी। अपराधी, अराजकता करने वाले, पर्व त्यौहार पर व्यवधान डालने वाले लोगों का भाजपा समुचित इलाज करेगी। श्री योगी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर गोगो दीदी योजना के तहत महिलाओं को प्रति माह 21 सौ रुपये, 5 सौ रुपये में गैस के साथ पर्व पर साल में दो बार मुफ्त गैस सिलेंडर, बेरोजगारी भत्ता दिया जायेगा। उन्होंने लोगों से भानू प्रताप शाही को समर्थन देने की अपील की।
परिवारवाद पर चोट
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि झारखंड में तीन परिवार के लोगों का शासन है। इनको गरीबों की चिंता नहीं है। एक परिवार रांची, एक पटना और एक दिल्ली में बैठता है। इन तीनों को जनता की नहीं सिर्फ अपने परिवार की चिंता है। तीनों परिवार झारखंड को लूटने में मस्त है। जनता बेहाल है।
बांग्लादेशी घुसपैठियों की हितैषी है सत्तासीन पार्टी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि झारखंड में सत्ता में बैठे लोगों को आम जनता की चिंता नहीं है। ये बांग्लादेशी घुसपैठियों के हितैषी हैं। बंगला देशी घुसपैठी झारखंड में आकर अराजकता करते हैं। बहन बेटियों की सुरक्षा के लिये ये खतरा है। लेकिन सत्ता में बैठे लोग इनपर कोई कार्रवाई नहीं करते। झारखंड में भाजपा की सरकार बनने दीजिये इनकी अराजकता खत्म हो जायेगी।
एक रहेंगे नेक रहेंगे
योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान बटोगे तो कटोगे के साथ एक रहोगे नेक रहोगे का नारा कई बार लोगों से लगवाया। उन्होंने कहा कि आपस में अब बंटना नहीं है। एक रहना है। यूपी में बहन बेटियों की तरफ गलत नजर से देखनेवालों को यमराज के पास भेजा जाता है योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप अपने बगल के प्रदेश में जाकर देखिये।
वहां जितने भी अपराधी हैं, अराजकता फैलाने वाले लोग हैं सबका क्या हश्र होता है। किसी की मजाल नहीं है कि कोई बहन बेटियों की तरफ आंख उठाकर देख ले। कोई सुरक्षा में सेंध लगा दे। अराजकता कर ले। पर्व त्योहारों पर व्यवधान डाले, ऐसे लोगों का टिकट यमराज के पास कटता है। राम नाम सत्य हो जाता है। विकास और विरासत का समन्वय योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विरासत और विकास का बेहतरीन समन्वय देखना हो तो काशी, मां विंध्यवासिनी जाकर देखिये।
विरासत के साथ विकास का बेहतरीन उदाहरण देखने को मिल जायेगा। 500 सालों में अयोध्या में राम मंदिर बना है। विधायक भानू प्रताप शाही से मैं कहना चाहता हूं कि यहां से लोगों को बारी बारी से अयोध्या ले जाकर प्रभु श्रीराम का दर्शन करायें। योगी के स्वागत में लगाये गये थे बुलडोजर गोसाईबाग के मैदान में आयोजित चुनावी सभा के दौरान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के स्वागत में एक दर्जन से अधिक बुलडोजर लगाये गये थे।
बुलडोजर पर सवार होकर लोग योगी का अभिनंदन कर रहे थे। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद साधना सिंह, भानू प्रताप शाही, जिला अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो, शारदा महेश प्रताप देव, मथुरा पासवान, मुकेश चौबे, प्रवीण सिंह, मधु लता सहित कई नेताओं ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किये। सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।