विधायक अनंत ने मां गायत्री के स्वरूपों का किया अनावरण

चैत्र नवरात्रि की भक्ति में डूबा शहर
धर्म और संस्कृति से जुड़कर ही हम सही दिशा में आगे बढ़ सकते हैं : अनंत
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : चैत्र नवरात्र रविवार को कलश स्थापना के साथ शुरू हो गया। अनुमंडल मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से कलश स्थापना कर मां की आराधना की गई। शहर के जंगीपुर पेट्रोल पंप स्थित गायत्री शक्तिपीठ परिसर में अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में विधि-विधान से नवरात्र अनुष्ठान प्रारंभ हुआ। “या देवी सर्वभूतेषु” मंत्रोच्चार के बीच मां शक्ति का आह्वान कर श्रद्धालुओं ने देवी दुर्गा की आराधना की।
इसके बाद कलश स्थापना कर विधिवत नवरात्र अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। सुबह 7 बजे से श्रद्धालु माता के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की आराधना में लीन रहे। इस दौरान वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ हवन व मंगल आरती का आयोजन किया गया। भक्तों ने हवन में आहुति डालकर घर-परिवार की सुख-समृद्धि एवं देश में शांति की कामना की। उधर शहर से लेकर गांव तक भक्ति गानों के बजने के कारण पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
विधायक ने गायत्री माता के 24 स्वरूपों की तस्वीरों का किया अनावरण शांतिकुंज हरिद्वार से आई मां गायत्री के 24 स्वरूपों और सप्त ऋषियों की तस्वीरों का शुभारंभ भी किया गया। इस अवसर पर विधायक अनंत प्रताप देव एवं नगर पंचायत की उपाध्यक्ष लता देवी ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर अनावरण किया। उस मौके पर विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि गायत्री माता शक्ति, ज्ञान और सच्ची साधना का प्रतीक हैं। इनके 24 स्वरूप जीवन के अलग-अलग पहलुओं का मार्गदर्शन करते हैं।
इस अनावरण के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने का यह प्रयास सराहनीय है। धर्म और संस्कृति से जुड़कर ही हम सही दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुये कहा कि ऐसे आयोजन नगर के विकास और सौहार्दपूर्ण माहौल को बनाये रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मौके पर जोखू प्रसाद, अनिल लाल अग्रवाल, ललसू राम, रामप्रसाद कमलापुरी, ज्योतिम अखौरी प्रसाद, अमर जायसवाल, सुरेश विश्वकर्मा, जोखू गुप्ता, डॉ सतीश यादव, शुभम जायसवाल, मीना देवी, लालो देवी, अनीता देवी, सृष्टि कुमारी, अलवाश देवी, रवि सोनी, अब्दुल मोतल्लिब सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।