सांसद विष्णु दयाल राम ने शोक संतप्त परिवारों से की मुलाकात

बंशीधर न्यूज
गढ़वा : पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने सोमवार को मेराल प्रखंड के विभिन्न गांवों में पहुंचकर हाल की घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की और गहरी संवेदनाएं प्रकट की। सांसद श्री राम ने लखेया गांव में वज्रपात से मृत शंभू बैठा एवं धर्मेंद्र राम के परिजनों से मिलकर उन्हें ढाढ़स बंधाया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इसके बाद वे चंदन पासवान के घर पहुंचे, जिनकी हाल ही में हत्या कर दी गई थी।
उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों को सजा दिलवाने का भरोसा दिया। इसके पश्चात श्री राम ग्राम गोंदा पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ता नंदू कुशवाहा की करंट लगने से मृत्यु हो गई थी। उन्होंने परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं भाजपा नेता डॉ लालमोहन के पुत्र तरुण देव की वज्रपात से हुई मौत पर भी शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की।
सांसद ने गढ़वा भाजपा नेता गौरी शंकर बिंद की बहू की बीमारी से हुई मृत्यु पर भी उनके घर जाकर संवेदना जताई और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मौके पर भाजपा नेता विनय चौबे, प्रमोद चौबे, सूरज गुप्ता, भोला चंद्रवंशी, रूपु महतो, विजय गुप्ता, चंद्रमणि पाठक, महेंद्र सिंह, अरविंद पांडेय, अलख दुबे आदि मौजूद थे।