पुलिस सलामी के साथ विदा हुये निरंजन प्रसाद गुप्ता

पुलिस सलामी के साथ विदा हुये निरंजन प्रसाद गुप्ता

बंशीधर न्यूज

मझिआंव : मोरबे गांव निवासी सह झारखंड सहायक पुलिस जवान निरंजन प्रसाद गुप्ता का शनिवार को दुखद निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर जैसे ही गांव पहुंचा, कोहराम मच गया। गांव और आसपास के सैकड़ों लोग अंतिम दर्शन के लिये उमड़ पड़े। परिजनों के अनुसार निरंजन की तबीयत एक माह पूर्व अचानक बिगड़ी थी। रांची और फिर रायपुर ले जाकर ब्रेन का ऑपरेशन कराया गया, पर स्वास्थ्य नहीं सुधर सका। शनिवार को गढ़वा सदर अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद गढ़वा पुलिस लाईन में पुलिस ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और सलामी दी गई। वहां से शव को पुलिस बल के साथ मोरबे गांव लाया गया। मौके पर विधायक नरेश प्रसाद सिंह और मुखिया प्रतिनिधि ललन प्रसाद सिंह ने शोक व्यक्त किया। निरंजन 2017 में सहायक पुलिस में भर्ती हुये थे और वर्तमान में केतार थाना में कार्यरत थे। उन्होंने 2020 में चैनपुर की पूजा कुमारी से शादी की थी।

वे अपने पीछे पत्नी और साढ़े तीन साल के बेटे को छोड़ गये हैं। सहायक पुलिस संघ के नेताओं ने सरकार से मुआवजा और परिजनों को सहयोग देने की मांग की है। अंतिम संस्कार में एसआई संजय कुमार समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।