आहर में नहाने के दौरान वार्ड सदस्य पति की गहरे पानी में डूबने से मौत

आहर में नहाने के दौरान वार्ड सदस्य पति की गहरे पानी में डूबने से मौत

नहीं पहुंची एनडीआरएफ की टीम, लोगों में देखा गया आक्रोश

दूसरे दिन सोमवार को स्थानीय लोगों ने कड़ी मेहनत कर गहरे पानी से निकला शव

थाना प्रभारी ने शव निकालने वाले लोगों को दो हजार नगद दे कर किया उत्साह वर्धन

बलराम शर्मा

मेराल: थाना मुख्यालय के ग्राम पंचायत मेराल पश्चिमी के वार्ड नंबर तीन मकुना गांव स्थित पहाड़ की तलहटी में बना बड़का आहर के छठ घाट पर रविवार को वार्ड सदस्य फूलमती देवी के पति अशोक सिंह 40 वर्ष नहाने के क्रम में गहरे पानी में डूब गए। इसकी सूचना गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। स्थानीय युवाओं ने कड़ी मशक्कत कर 20 घंटा बाद सोमवार को अशोक के शव को आहर से बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार सिंह रविवार को दोपहर 3 बजे मवेशी चराने के दौरान आहर में नहाने के लिए घुसे थे लेकिन वापस नहीं निकले। उस वक्त गांव की कुछ महिलाएं छठ घाट पर कपड़ा धो रही थी, उन लोगों के अनुसार जब अशोक आहर से बाहर नहीं आए तो आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई। स्थानीय लोगों ने ट्यूब का पतवार बना कर आहर के गहरे पानी में अशोक सिंह का खोजबीन शुरू किया।

इधर घटना की जानकारी थाना प्रभारी विष्णु कांत को देते हुए एनडीआरएफ की टीम की सहायता से अशोक सिंह को निकलवाने की गुहार लगाई परंतु टीम का कोई सदस्य नहीं पहुंचा। शाम हो जाने के बाद लोगों ने खोजने का काम स्थगित कर दिया और सोमवार की सुबह दुबारा स्थानीय लोगों ने खोजबीन शुरू की और कड़ी मशक्कत के बाद करीब 11:30 बजे शव को बाहर निकाल लिया। इस दरमियान थाना प्रभारी विष्णु कांत भी घटनास्थल पर मौजूद थे।

अशोक सिंह का शव निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थाना पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को अंत्य परीक्षण के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी द्वारा अशोक के शव को आहर के गहरे पानी से खोज निकालने वाले निजाम अंसारी, शंकर सिंह, मुख्तार अंसारी, बालेश्वर सिंह, प्रदीप सिंह, मुमताज अंसारी, जयकुमार सिंह, महेंद्र सिंह, रशीद अंसारी, सनोज कुमार को साहसिक कार्य के लिए सभी को धन्यवाद दिया तथा इस बहादुरी के लिए अपने तरफ से दो हजार नगद देकर सभी का उत्साहवर्धन किया। उस मौके पर मुखिया पति मुन्ना राम, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सूर्य प्रकाश, समाजसेवी जफीर अंसारी, नंदू राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।