थाना दिवस पर 15 वर्षों से चल रहे भूमि विवाद सहित 10 मामलों का हुआ निपटारा

थाना दिवस पर 15 वर्षों से चल रहे भूमि विवाद सहित 10 मामलों का हुआ निपटारा

भूमि विवाद का निपटारा होने पर लोगों में न्याय मिलने की उम्मीद जगी, उमड रही लोगों की भीड़

बलराम शर्मा

मेराल: थाना सभागार में शुक्रवार को आयोजित थाना दिवस पर 15 वर्षों से चल रहा भूमि विवाद सहित 10 मामलों का निपटारा किया गया साथ ही अन्य सात मामलों में व्यवहार न्यायालय में जाने की सलाह दी गई। सीओ यशवंत नायक और थाना प्रभारी विष्णु कांत द्वारा रजहारा गांव के राजीव कुमार सिंह और बनुआ गांव के रामदास सिंह के बीच 15 वर्षों से चल रहा भूमि विवाद को आपसी सुलह समझौता कराकर मामले का निपटारा किया गया।

सीओ श्री नायक ने बताया कि शिविर में भूमि विवाद से संबंधित कुल 17 मामला आया, जिसमें विभिन्न गांवों के 10 मामलों को आपसी सुलह समझौता करा कर निपटारा किया गया। जबकि सात मामले में व्यवहार न्यायालय गढ़वा जाने की सलाह दिया गया। थाना दिवस पर प्रखंड के विभिन्न गांव से भूमि विवाद को लेकर आने वाले मामलों में खोरीडीह, लातदाग, मेराल, लोवादाग, तरके, ओखरगाड़ा, गोंदा, तिसरटेटूका, तेनार, रजहारा, अधौरा, पेशका, हासनदाग आदि गांवों से 17 मामले आए।

 बता दें कि थाना दिवस के अवसर पर सीओ यशवंत नायक और थाना प्रभारी विष्णु कांत के नेतृत्व में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांव से अधिक से अधिक भूमि विवाद मामले का निपटारा होने पर लोगों में न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।

जिसके कारण शुक्रवार को भूमि विवाद से संबंधित थाना दिवस में अपने-अपने मामले को लेकर अधिकांश लोग शामिल होने लगे हैं। शिविर में सीआई जॉनसन गिद्दी, राजस्व कर्मचारी संजीव कुमार पांडे, संजीव कुमार, मुकेश किसको, मुखिया रामसागर महतो सहित बड़ी संख्या में लोग थे।