वज्रपात की दो अलग-अलग घटना में एक महिला की मौत दूसरी हुई घायल

वज्रपात की दो अलग-अलग घटना में एक महिला की मौत दूसरी हुई घायल

दूसरी बार वज्रपात की घटना में घायल महिला खतरे से है बाहर

बंशीधर न्यूज

मेराल: शुक्रवार को दोपहर बाद वज्रपात की दो अलग-अलग घटना में एक महिला की मौत हो गई जबकि दूसरी महिला घायल हुई है। वज्रपात की घटना में जा के राखे साइयां मार सके ना कोय, वाली कहावत चरितार्थ हुई है। जानकारी के अनुसार लखेया गांव के धोबी टोला निवासी विनय बैठा की पत्नी विमला देवी 32 वर्ष तीन साल बाद दूसरी बार वज्रपात की घटना में बाल बाल बच गई।

जानकारी के अनुसार वह महिला अपने घर की पोर्टिको में सामने बैठी थी, तभी हल्की बारिश के साथ हुई वज्रपात की चपेट में आने से घायल हो गई। आनन-फानन में परिवार तथा स्थानीय लोगों की मदद से मेराल सीएचसी लाया गया जहां चिकित्सक द्वारा इलाज किया गया। चिकित्सक ने उसे खतरे से बाहर बताया। परिजनों के अनुसार उक्त घायल महिला विमला देवी लगभग 3 वर्ष पूर्व में मूंगफली की खेत में बुवाई के दौरान वज्रपात की घटना में घायल हो गई थी।

वही एक अन्य वज्रपात की घटना में हारादाग खुर्द गांव निवासी बुद्धिमानी देवी उम्र लगभग 60 वर्ष पति राजेंद्र सिंह की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बुद्धिमानी देवी लगभग ढाई बजे अपने घर के सामने मकई के खेत से बैल निकालने के क्रम में वज्रपात की चपेट में आ गई।

घटना की सूचना पर आसपास के लोग जमा हो गए तथा आनन फानन में उसे एक निजी वाहन से मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जहां चिकित्सक डॉ मृगांकेश मृदुल ने जांचोपरांत मृत घोषित कर दिया। मृतका की पुतोहु संगीता देवी पति जितेंद्र सिंह उम्र लगभग 28 वर्ष ने बताई की वज्रपात से हमें भी दाहिने हाथ में झटका लगा है।