वज्रपात से एक महिला की मौत, दो घायल

बंशीधर न्यूज
विसुनपुरा: थाना क्षेत्र के अहमर गांव में वज्रपात से 20 वर्षीय मंजू देवी की मौत हों गई। वही इसी घटना में मृतका की पांच साल की बच्ची एवं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे ईट भट्टा में कार्यरत महिला मजदूर मंजू देवी एव अन्य मजदूर आम चुन रहे थे। तभी अचानक हुए वज्रपात से मंजू देवी की मौत हो गई।
मृतका लातेहार जिला के सोहर गांव की निवासी थी। घटना के बाद तुरंत सदर अस्पताल गढ़वा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके अलावे घायलों का इलाज किया जा रहा है। घायलों में 5 वर्षीय पुत्री श्रुति कुमारी और उत्तर प्रदेश के चोपन निवासी 20 वर्षीय युवक अजय कुमार का नाम शामिल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि मंजू परिवार की आर्थिक मदद के लिए मजदूरी करती थी, लेकिन इस हादसे ने उनकी जिंदगी तबाह कर दी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की है।विशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि जांच जारी है। परिवार को सरकारी योजनाओं के तहत सहायता दी जाएगी।