गरीबों के राशन पर डाका

सवा सौ क्विंटल अनाज डकार गया डीलर, लाभुक परेशान
नीलू चौबे
श्री बंशीधर नगर : सरकार गरीबों की क्षुधा तृप्ति के लिये राशन दे रही है, लेकिन सिस्टम की गड़बड़ी से राशन गरीबों तक नहीं पहुंच पा रही है। राशन गरीबों के बीच बांटने के बजाय डीलर खुद डकार जा रहे हैं। ऐसा ही मामला नगर ऊंटारी प्रखंड के कुंबा खुर्द पंचायत में सामने आया है। यहां पूजा महिला स्वयं सहायता समूह की डीलर के द्वारा फरवरी माह का अनाज (1 सौ 25 क्विंटल 39 किलो) गरीबों के बीच बांटने के बजाय खुद डकार लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक प्रखंड के कुंबाखुर्द में कुल 479 कार्डधारी हैं। इन कार्डधारियों को अनाज उपलब्ध कराने की जिम्मेवारी पूजा महिला स्वयं सहायता समूह की डीलर की है। डीलर के द्वारा लाभुकों के लिये प्रतिमाह 1 सौ 25 क्विंटल 39 किलो अनाज का उठाव अनाज गोदाम से किया जाता है। फरवरी माह का भी अनाज लाभुकों के बीच वितरण करने के लिये डीलर के द्वारा गत 27 जनवरी को अनाज गोदाम से 1 सौ 25 क्विंटल 39 किलो अनाज (चावल) का उठाव किया गया था।
किंतु डीलर के द्वारा अनाज को अपने दुकान में ले जाने एवं लाभुकों के बीच वितरण करने के बजाय खुले बाजार में अनाज की कालाबाजारी कर दी गई और लाभुकों से राशन के लिये बाकायदा अंगूठा भी लगवा लिया गया। अब लाभुक फरवरी माह का अनाज लेने के लिये लगातार डीलर के यहां चक्कर काट रहे हैं। किंतु डीलर के द्वारा उनलोगों की एक नहीं सुनी जा रही है।
उल्टे डीलर के द्वारा लाभुकों को डाट फटकार लगाई जा रही है। जिससे लाभुक परेशान हैं। उधर इस संबंध में पूछे जाने पर सीओ विकास कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।