शहनाज ने अपने प्रस्तुति से बांधी समां

छुम छुम छनानन बाजे मैया पांव पैजनियां...
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : श्री राम सेना की ओर से रामनवमी के मौके पर शहर के गोसाईबाग के मैदान में भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या का शुभारंभ गायक साजन के गणेश वंदना से की गई। तत्पश्चात देश की मशहूर गायिका शहनाज अख्तर ने अपनी प्रस्तुति से वातावरण को भक्ति मय कर दिया। कार्यक्रम के शुभारंभ के पश्चात जैसे ही शहनाज अख्तर स्टेज पर आयी लोगों में जोश भर गया। इस दौरान शहनाज ने एक से बढ़कर एक गीत की प्रस्तुति दी। भजनों की प्रस्तुति से लोग झूम उठे।
शहनाज अख्तर ने इसके बाद सुपरहिट भजन “छुम छुम छनानन बाजे मैया पांव पैजनियां”, “पंडा कराय रहो पूजा मैया जी के झूमझूम के”, “जो राम को लाये हैं हम उनको लाएंगे”, “ये भगवा रंग”, माथे उनके बिंदिया सोहे, टिकली की बलिहारी राम जैसे कई प्रसिद्ध भजन गाकर लोगों को खूब झुमाया। शहनाज अख्तर के देर रात तक चले कार्यक्रम के दौरान लोगों की भीड़ जमी रही और लोग थिरकते रहे। इसके अलावे गायक साजन ने भी अपने भक्ति गीतों से लोगों को मंत्र मुग्ध कर दिया।
इसके पूर्व विधायक अनंत प्रताप देव ने भजन गायिका शहनाई अख्तर को श्री बंशीधर जी की तस्वीर भेंट कर एवं नपं उपाध्यक्ष लता देवी ने चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम देश की मशहूर भजन गायिका शहनाज अख्तर के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिये एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह स्वयं मोर्चा संभाले हुये थे।
उनके साथ गढ़वा के प्रशिक्षु डीएसपी चिरंजीव मंडल, पुलिस इंस्पेक्टर रतन कुमार सिंह, थाना प्रभारी आदित्य नायक के अलावे अनुमंडल के सभी थानों के थाना प्रभारी समेत कई पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कार्यक्रम स्थल पर की गई थी। पुरुष महिला जवानों को भी बड़ी संख्या में लगाया गया था। ताकि शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम संपन्न हो सके।