जब तक भारत आत्मनिर्भर नहीं बनेगा, तब तक हम विश्वगुरु नहीं बन सकते : यदुनाथ पांडेय

भाजपा जिला इकाई ने आत्मनिर्भर भारत अभियान को बढ़ावा देने का किया आह्वान
लोकल उत्पादों के उपयोग पर जोर
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : भाजपा गढ़वा जिला इकाई की ओर से परिसदन भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुये भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव, गली-गली जाकर लोगों को स्वदेशी अपनाने और विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करने के लिये जागरूक कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी अपील की कि आगामी दीपावली और छठ जैसे पर्वों पर केवल लोकल उत्पादों का ही प्रयोग किया जाय। श्री पांडेय ने कहा कि जब तक भारत आत्मनिर्भर नहीं बनेगा, तब तक हम विश्वगुरु नहीं बन सकते। उन्होंने कहा कि देश में निर्मित वस्तुओं के उपयोग से न केवल अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, बल्कि रोजगार और व्यापार के नये अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने यह भी जोड़ा कि लोकल सामानों के उत्पादन में वृद्धि से देश का पैसा देश में ही रहेगा और इससे ग्रामीण कारीगरों, छोटे दुकानदारों और स्थानीय उद्यमियों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने विदेशी वस्तुओं को रासायनिक और स्वास्थ्य के लिये हानिकारक बताते हुये इनके बहिष्कार का आह्वान किया। प्रधानमंत्री द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न योजनाओं की चर्चा करते हुये श्री पांडेय ने कहा कि जनता को इन योजनाओं का भरपूर लाभ लेना चाहिये, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो, जिला प्रभारी बिपीन बिहारी सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अलखनाथ पांडेय, लातेहार जिला प्रभारी मुकेश निरंजन सिन्हा, गढ़वा विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी, विनय चौबे, संजय ठाकुर, बृजेन्द्र पाठक, विकास तिवारी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।