वार्षिक रामायण पूजा महोत्सव कल, झारखंड व बिहार के कई लोक कलाकार अपनी सुर व कला का बिखरेंगे जलवा

कला व संस्कृति प्रेमी स्व दामोदर तिवारी ने की थी पांच दशक पूर्व वार्षिक रामायण पूजा की शुरुआत
बंशीधर न्यूज
मेदिनीनगर : शहर के रांची रोड रेडमा स्थित ठाकुरबाड़ी में लव कुमार आदर्श संकीर्तन रामायण मंडली के तत्वावधान में दो अगस्त को वार्षिक रामायण पूजा का आयोजन इस वर्ष भी पूरी तैयारी के साथ की गई है।दिन में रामायण पूजा के उपरांत रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया है। जिसमें भोजपुरी के कई चोटी कलाकार(व्यास) शामिल होकर भक्ति व श्रृंगार रस के गीत- संगीत के माध्यम से अपनी सुर व कला का जादू बिखेर लोगों का भरपूर मनोरंजन करेंगे।
कमेटी की ओर से इस कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर पिछले एक माह से चल रही तैयारियां पूरी कर ली गयी है। रात में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम दुगोला गायन मुकाबला में पड़ोसी राज्य बिहार व सांस्कृतिक विरासत की वीर भूमि झारखंड राज्य के कई लोक कलाकार पहुंच रहे हैं। जिसमें बक्सर के व्यास पिंटू यादव, आरा के अमर अकेला, झारखंड के भोला व्यास, गुड्डू दुबे व व्यास प्रेम गिरी का नाम शामिल है। सभी कलाकारों ने कार्यक्रम में हिस्सा लेने की सहमति प्रदान कर दी है।
कार्यक्रम के संयोजक प्रमोद कुमार ठाकुर ने बताया कि पिछले पांच दशक पूर्व से रामायण पूजा की शुरुआत कला प्रेमी रहे स्व दामोदर तिवारी जी ने किया था। तबसे लगातार यह भव्य आयोजन स्थानीय लोगों के अपार समर्थन व सहयोग से निर्विध्न होते आ रहा है। यह कार्यक्रम केवल मनोरंजन का हिस्सा ही नहीं है, बल्कि पलामू प्रमंडल के लोक कलाकारों को सालभर में एक मंच पर लाकर उन्हें व उनकी कला को उचित सम्मान देने का सशक्त प्लेटफार्म भी है।
इस कार्यक्रम में पलामू प्रमंडल के अधिकांश कलाकार शामिल होकर कार्यक्रम को न सिर्फ सफल बनाते है, बल्कि एक मंच पर आकर यह भी संदेश दे जाते हैं कि प्रमंडल में कलाकारों का एक सशक्त और मजबूत आधार स्तंभ आज भी प्रभावी है। संयोजक ने यह भी बताया कि संस्थापक स्व. दामोदर तिवारी ने इसी दूरदर्शी सोच के तहत इस कार्यक्रम की शुरुआत की थी, जिसका सफल आयोजन कलाकारों के लिए आज भी कारगर साबित हो रहा है।