यह पारदर्शिता की जीत है, झूठ फैलाना बंद करे भाजपा : धीरज

बंशीधर न्यूज
गढ़वा : झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा हाल ही में घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2023 के परिणाम को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य धीरज दुबे ने इस अवसर पर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जेपीएससी के परिणामों ने भाजपा को आईना दिखा दिया है, क्योंकि इसमें प्रदेश के हर वर्ग और क्षेत्र के प्रतिभाशाली छात्रों ने सफलता हासिल की है, जो पारदर्शिता और योग्यता का स्पष्ट प्रमाण है।
धीरज दुबे ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह चुनावी माहौल को प्रभावित करने के उद्देश्य से जेपीएससी की साख को धूमिल करने में लगी थी। उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझकर झारखंड के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करती आई है। संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना उनकी आदत बन गई है। उनका एकमात्र एजेंडा झूठ फैलाकर जनता को भ्रमित करना है। श्री दुबे ने कहा कि इस परीक्षा में राजधानी रांची से लेकर सुदूरवर्ती जिलों तक के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है।
कई ऐसे उम्मीदवार सफल हुये हैं जो गिग वर्कर्स के रूप में काम करते थे या बेहद गरीब और वंचित तबकों से आते हैं।, भाजपा अब बताये कि इसमें धांधली कैसे हुई? या ये केवल सरकार को बदनाम करने की साजिश थी? युवाओं का मनोबल तोड़ना एक गंभीर अपराध है। धीरज दुबे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नीतियों की सराहना करते हुये कहा कि राज्य सरकार की कोशिशों से जेपीएससी जैसी संस्थाएं अब पारदर्शी, जवाबदेह और निष्पक्ष हो गई हैं।
उन्होंने बताया कि घोषित परिणामों में 90 प्रतिशत चयन स्थानीय छात्रों का हुआ है, जो राज्य के युवाओं की क्षमता और मेहनत का प्रमाण है। धीरज दुबे ने भाजपा को चेताते हुये कहा कि अब समय आ गया है कि भाजपा विकास और युवाओं के मुद्दों पर बात करे, न कि षड्यंत्र की राजनीति करे। जनता सब समझती है। जैसे 2024 के विधानसभा चुनाव में जवाब मिला था, वैसे ही समय आने पर फिर मिलेगा।