आधुनिक युग में कंप्यूटर शिक्षा का महत्व तेजी से बढ़ रहा है : आनंद

सीसीएल कंप्यूटर सेंटर में कंप्यूटर कोर्स पूर्ण करने पर विद्यार्थियों के बीच प्रमाण पत्र वितरित
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : शहर के चचेरिया में स्थित सीसीएल कंप्यूटर सेंटर में संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण कोर्स संपन्न होने पर समारोह आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ संस्था के निदेशक आनंद प्रकाश ने दीप जलाकर किया। तत्पश्चात संस्थान के विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और सफल प्रशिक्षण के उपलक्ष्य में प्रमाणपत्र वितरित किया गया। उस मौके पर संस्था के निदेशक आनन्द प्रकाश ने कहा कि आज का युग कंप्यूटर और तकनीकी ज्ञान का है।
बिना कंप्यूटर शिक्षा के कोई भी विद्यार्थी अपने करियर में आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में कंप्यूटर शिक्षा का महत्व सभी क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। आज के डिजिटल दौर में कंप्यूटर न केवल शिक्षा और रोजगार का प्रमुख साधन बन गया है, बल्कि यह जीवन के हर क्षेत्र में एक अनिवार्य आवश्यकता के रूप में स्थापित हो चुका है। निदेशक ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को डिजिटल क्रांति का हिस्सा बनने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे केवल प्रमाण पत्र प्राप्त करने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने ज्ञान का उपयोग व्यावहारिक जीवन और कई विद्यार्थियों ने मंच पर आकर अपने अनुभव साझा किये। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण से उन्हें न केवल तकनीकी ज्ञान प्राप्त हुआ, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ा। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणपत्र वितरण समारोह केवल एक शैक्षिक गतिविधि भर नहीं था, बल्कि यह विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, भविष्य की दिशा और डिजिटल युग में उनकी भागीदारी का प्रतीक बना।
संस्था द्वारा किया गया यह प्रयास निश्चित रूप से समाज और क्षेत्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। प्रथम स्थान प्रिंस राज, द्वितीय स्थान अंशिका कुमारी तथा तृतीय स्थान अंजली कुमारी ने प्राप्त किया। बाकी विद्यार्थियों का भी प्रदर्शन अच्छा रहा। कार्यक्रम का संचालन प्रतीक कुमार पाण्डेय एवं सुमन्त विश्वकर्मा ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे।