चोरी की घटना का खुलासा नहीं होने से पुलिस के प्रति जनता का विश्वास टूट रहा : चेंबर अध्यक्ष

चोरी की घटना का खुलासा नहीं होने से पुलिस के प्रति जनता का विश्वास टूट रहा : चेंबर अध्यक्ष

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र में विगत 29 फरवरी से 8 मार्च के बीच आधा दर्जन से अधिक हुई चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं होने से शहरवासियों व व्यवसायियों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस के प्रति जनता का विश्वास टूटते जा रहा है। उक्त बातें चेंबर ऑफ कॉमर्स श्री बंशीधर नगर इकाई के अध्यक्ष शंभूनाथ सौदागर ने शनिवार को चेंबर कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कही।

उन्होंने कहा की गत 14 फरवरी को गढ़वा के चर्चित रूप अलंकार ज्वेलर्स में हुई भीषण चोरी की घटना में गढ़वा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये 4 दिनों के भीतर मामले का उद्भेदन कर चोरों को सलाखों के पीछे भेज कर शहर वासियों का दिल जीत लिया था। नगर ऊंटारी शहर में गत 3 मार्च को यमुना ज्वेलर्स दुकान में हुई भीषण चोरी की घटना में पुलिस अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगभग आधा दर्जन से अधिक दुकानों व घरों में चोरी की घटना हुई है। घटना के 18 दिन बीत जाने के बाद भी उसका खुलासा नहीं होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है। जबकि पुलिस ने उन्हें भरोसा दिया था कि जल्द ही चोरी का पर्दाफाश कर लिया जायेगा। किंतु अब तक चोरों की गिरफ्तारी करने में असफल है। जिससे शहर वासियों एवं व्यवसायियों में भय का माहौल व्याप्त है।

जनता का पुलिस प्रशासन पर भरोसा टूटते जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में हो रही लगातार चोरी की घटना से जहां जनता त्रस्त है। वहीं पुलिस को चोरों पर लगाम लगाने के लिये एक बड़ी एवं कड़ी चुनौती है। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी करने एवं समान बरामदगी करने का अनुरोध किया है।

प्रेसवार्ता में चेंबर के सचिव गोपाल प्रसाद जायसवाल, संरक्षक डॉ धर्मचंद लाल अग्रवाल, सर्राफा संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सेठ, राजन सोनी, कमलेश सेठ, अनुराग सोनी, अनिल सोनी, राजकुमार सोनी, अभय कांस्यकार सहित अन्य लोग मौजूद थे।