सुरक्षित वन क्षेत्र जासा में 76 वां वन महोत्सव आयोजित

पर्यावरण एवं मानव जीवन के लिये पौधरोपण जरूरी : अनंत
धरती पर जितना अधिक पेड़ पौधे होंगे उतना ही अधिक हमारा पर्यावरण शुद्ध होगा : डीएफओ
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से बुधवार को सुरक्षित वन क्षेत्र जासा में 76 वां वन महोत्सव 2025 का आयोजन किया गया। महोत्सव का शुभारंभ विधायक अनंत प्रताप देव एवं गढ़वा उत्तरी वन प्रमंडल पदाधिकारी अंशुमान ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर, गुब्बारा उड़ाकर, पौधा लगाकर एवं ग्रामीण महिलाओं के बीच पौधा वितरण कर किया।
इस वर्ष श्री बंशीधर नगर वन क्षेत्र में 2 लाख 65 हजार सागवान, शीशम, बकाईन, चकुंदी आदि का पौधा लगाये जाने का लक्ष्य है। तत्पश्चाप होली क्रॉस उच्च विद्यालय नयाखाड़ व पीएमश्री उच्च विद्यालय चितविश्राम की छात्राओं के द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान डीएफओ ने विधायक को रबर प्लांट का पौधा एवं चितविश्राम के प्रधानाध्यापक द्वारिका नाथ पांडेय ने अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।
वहीं वन कर्मियों ने अन्य अतिथियों को रबर प्लांट का एक-एक पौधा देकर स्वागत किया। विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि पर्यावरण एवं मानव जीवन के लिये पौधरोपण जरूरी है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधा लगाकर एवं उसका संरक्षण कर हम सभी पर्यावरण संरक्षण और वनस्पति वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान कर सकते हैं।
विधायक ने इस वर्ष नरही पंचायत के जासा सुरक्षित वन क्षेत्र में वन महोत्सव का आयोजन करने के लिये डीएफओ का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पौधरोपण एक महत्वपूर्ण गतिविधि है। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और वनस्पति वृद्धि को बढ़ावा देना है। पौधरोपण से वायु प्रदूषण कम होता है, मिट्टी का क्षरण रुकता है और जल चक्र को संतुलित करने में मदद मिलती है।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से जंगल को बचाने तथा अधिक से अधिक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का अनुरोध किया। विधायक ने कहा कि जंगल में पेड़ पौधे रहेंगे तभी धरती पर जीवन रहेगा। उन्होंने हाथी और नीलगाय के द्वारा फसल, मकान सहित इंसानों को पहुंचाये जा रहे क्षति पर चिंता व्यक्त करते हुये कहा कि इस मामले को विधानसभा में उठाकर रोकने की व्यवस्था की मांग करूंगा।
उन्होंने कहा कि धुरकी के बाद अब श्री बंशीधर नगर एवं सगमा प्रखंड के गांव में भी हाथियों का प्रवेश होने लगा है, जो काफी चिंता की बात है। हर हाल में इसके रोकथाम की व्यवस्था किया जायेगा। हाथी भागने के लिये बंगाल से विशेषज्ञों की टीम बुलाया जायेगा। डीएफओ अंशुमान ने कहा कि धरती पर जितना अधिक पेड़ पौधे होंगे उतना ही अधिक हमारा पर्यावरण शुद्ध होगा, साथ ही जलस्तर ऊपर आयेगा। प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधा लगाकर एवं उसका संरक्षण कर प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिये।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुकूल पौधा लगाकर उसका संरक्षण करना चाहिये। जितना अधिक पौधा लगाकर उसे हम बचाएंगे उतना ही अधिक जलवायु परिवर्तन को रोकने में हम सभी कामयाब होंगे। डीएफओ ने कहा कि पौधा लगाने में दो-तीन मिनट लगता है, पर उसका देखभाल करने में दो-तीन साल लगते हैं। आप सबों के सहयोग के बगैर जंगल को बचाना मुश्किल है। आपके सहयोग के बिना पेड़-पौधों को सुरक्षित नहीं रखा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मुखिया मनोज कुमार ठाकुर ने भी अपना विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक कमलेश कुमार पांडेय ने किया। इसके पूर्व बरगद, आम, सागवान आदि के 20 पौधे लगाये गये तथा ग्रामीणों के बीच आंवला, कटहल, अमरूद, जामुन, आम आदि के दो सौ पौधा वितरण किया गया। कार्यक्रम में झामुमो नेता मुक्तेश्वर पांडेय, अमरनाथ पांडेय, फॉरेस्टर प्रमोद कुमार यादव, वनरक्षी शशि कुमार, अर्पण कुमार, बीडी पांडेय, संजय पांडेय, मुखिया प्रतिनिधि अनुराग सोनी, पूर्व मुखिया सोहन उरांव, गुलाब राम चंद्रवंशी, गोपाल यादव, श्याम सुंदर राम, राणा सिंह, प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष व वनकर्मी उपस्थित थे।